कोल इंडिया ने अपने कर्मचारियों और पेंशन भोगियों के लिए कैंसर उपचार पर लिया है निर्णय ..

धनबाद : धनबाद कोल इंडिया कर्मियों को बेहतर इलाज की सुविधा देने के लिए प्रबंधन ने बड़ा निर्णय लिया है। अपने कर्मचारियों और पेंशनभोगियों को बड़ी स्वास्थ्य राहत देते हुए कंपनी ने कैंसर उपचार को लेकर अहम फैसला किया है।
मुंबई स्थित टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल को कैंसर इलाज के लिए अधिकृत संस्थान मानते हुए वहां होने वाले उपचार का पूरा खर्च अब कंपनी वास्तविक आधार पर वहन करेगी। इसमें डॉक्टर परामर्श, जांच, इमेजिंग, कीमोथेरेपी, रेडिएशन थेरेपी और सर्जरी जैसे सभी मानक उपचार शामिल होंगे।
यह निर्णय कोल इंडिया के बोर्ड ऑफ डायरेक्टर्स की 487वीं बैठक में लिया गया, जो कंपनी के चेयरमैन बी. साईराम की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इसके आधार पर 20 मार्च 2026 को विस्तृत प्रावधानों के साथ कार्यालय आदेश जारी किया गया।
यह आदेश बीसीसीएल, ईसीएल, सीसीएल सहित सभी कोयला कंपनियों में लागू होगा। इसके तहत कोल इंडिया के लगभग सवा दो लाख वर्तमान कर्मचारी और करीब 5.80 लाख पेंशनभोगी, जिनके पास कंपनी का हेल्थ कार्ड है, लाभान्वित होंगे।
कंपनी ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा तभी मिलेगी जब इलाज टाटा मेमोरियल हॉस्पिटल द्वारा प्रमाणित हो और स्वीकृत ऑन्कोलॉजी प्रोटोकॉल के तहत किया गया हो। यह निर्णय कार्यरत कर्मचारियों के साथ-साथ सेवानिवृत्त कर्मियों और अन्य पात्र लाभार्थियों पर भी लागू होगा, जो मेडिकल अटेंडेंस रूल्स (MAR) और CPRMSE योजनाओं के अंतर्गत आते हैं।
इस निर्णय से कर्मचारियों और पेंशनभोगियों में राहत की भावना है। कोल इंडिया बोर्ड के इस निर्णय के बाद विस्तृत गाइडलाइन के साथ पत्र सभी कंपनियों को भेज दिया गया है।-डॉ. विनय रंजन, निदेशक (मानव संसाधन), कोल इंडिया।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



