खेल

गुरु नानक देव के प्रकाशोत्सव पर भक्ति का सैलाब, फूलों की वर्षा से गूंजा कोयलांचल..

झरिया से धनबाद बैंक मोड़ गुरुद्वारा तक निकला भव्य नगर कीर्तन, पंज प्यारों के सम्मान में महिला संगत ने की सड़क की सफाई, गतका पार्टी के हैरतअंगेज करतबों ने मोहा मन..

Https://news93live.com/

झरिया/ धनबाद । सिख धर्म के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी के 557वें प्रकाशोत्सव के अवसर पर रविवार को झरिया कोयरीबांध स्थित गुरुद्वारा से धनबाद बैंक मोड़ बड़ा गुरुद्वारा तक भव्य नगर कीर्तन निकाला गया। गुरुचरण सिंह के नेतृत्व में निकली शोभायात्रा श्रद्धा, भक्ति, सेवा और धार्मिक उत्साह का अद्भुत संगम बनी। ‘जो बोले सो निहाल, सत श्री अकाल’ के जयकारों से पूरा कोयलांचल भक्तिमय हो उठा। जगह-जगह श्रद्धालुओं ने पुष्पवर्षा कर नगर कीर्तन का स्वागत किया।

नगर कीर्तन में सुसज्जित रथ पर गुरु नानक देव जी का भव्य दरबार सजाया गया था। हाथों में तलवार लिए पंज प्यारे शोभायात्रा की अगुवाई कर रहे थे। पंज प्यारों के स्वागत और सम्मान में महिला संगत ने सड़क पर झाड़ू लगाकर सेवा एवं समर्पण की मिसाल पेश की। गुरुवाणी का पाठ करती महिलाओं की टोली, श्रद्धालुओं द्वारा पवित्र जल का छिड़काव और फूलों की वर्षा ने पूरे मार्ग को आध्यात्मिक रंग में सराबोर कर दिया। जगह-जगह आतिशबाजी के साथ नगर कीर्तन का स्वागत किया गया।

जामाडोबा से पहुंची निर्भय खालसा गतका पार्टी और अमृतसर की टीमों ने तलवारबाजी, युद्ध कला एवं पारंपरिक गतका के रोमांचक प्रदर्शन से लोगों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कलाकारों के साहस, कौशल और अनुशासनपूर्ण प्रदर्शन ने शोभायात्रा का आकर्षण बढ़ाया।

इस अवसर पर धनबाद के महापौर संजीव सिंह एवं झरिया विधायक रागिनी सिंह ने पंज प्यारों के चरण धोकर उनका अभिनंदन किया तथा अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया। झरिया के कतरास मोड़ स्थित स्व. सूर्यदेव सिंह चौक पर विधायक रागिनी सिंह ने नगर कीर्तन में शामिल श्रद्धालुओं के बीच फ्रूटी, पानी एवं नाश्ते का वितरण कर सेवा की।

महापौर संजीव सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का जीवन और उनकी शिक्षाएं मानवता, प्रेम, समानता, सेवा एवं भाईचारे का अनुपम संदेश देती हैं। उन्होंने समाज को ऊंच-नीच, भेदभाव और वैमनस्य से ऊपर उठकर एक-दूसरे के प्रति सम्मान एवं सद्भाव रखने की प्रेरणा दी। ऐसे धार्मिक आयोजन समाज में एकता और सामाजिक समरसता को मजबूत करते हैं तथा लोगों को आपसी प्रेम के सूत्र में बांधते हैं।

झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि श्री गुरु नानक देव जी की शिक्षाएं आज भी पूरी मानवता के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने हमेशा समानता, निस्वार्थ सेवा, प्रेम और भाईचारे का संदेश दिया। प्रकाशोत्सव जैसे पावन आयोजन हमें धर्म, जाति एवं भेदभाव से ऊपर उठकर मानव सेवा और सामाजिक सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने नगर कीर्तन में शामिल समस्त श्रद्धालुओं का अभिनंदन करते हुए गुरु नानक देव जी के प्रकाशोत्सव की शुभकामनाएं दीं।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button