मनोरंजन

अपना दीया, अपनी दिवाली’ में पहुंचे पूर्णिया सांसद पप्पू यादव..

भारतीय संस्कृति, राष्ट्रभक्ति और परंपराओं की भव्य झलक से सजा आयोजन परिसर, 99 ग्रुप की पहल की सांसद ने की सराहना..

Https://news93live.com/

धनबाद: भारतीय संस्कृति, परंपराओं और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का आयोजन पूरे उत्साह और उमंग के साथ जारी है। आयोजन के पांचवें दिन मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें पूर्णिया के सांसद पप्पू यादव शामिल हुए।

कार्यक्रम का उद्घाटन सांसद पप्पू यादव, 99 ग्रुप के सीईओ राम प्रताप सिंह, वीपी महेश मोदी एवं राकेश पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर कांग्रेस के जिलाध्यक्ष संतोष सिंह, समाजसेवी सुंदर यादव सहित शहर के कई गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता तथा 99 ग्रुप के पदाधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस वर्ष आयोजन की थीम भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति पर आधारित है। वंदे मातरम् के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे ऑडिटोरियम को देश के गौरवशाली इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम, राष्ट्रीय एकता और भारतीय सांस्कृतिक विरासत की झलकियों से आकर्षक रूप से सजाया गया है। आयोजन परिसर में प्रवेश करते ही देशभक्ति और सांस्कृतिक गौरव का विशेष वातावरण देखने को मिलता है।

इस अवसर पर सांसद पप्पू यादव ने आयोजन परिसर का भ्रमण किया और इसकी आकर्षक सजावट, भव्य प्रस्तुति तथा अनूठी थीम की सराहना की। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को जीवंत बनाए रखने तथा नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने की दिशा में 99 ग्रुप का यह प्रयास सराहनीय है। उन्होंने 99 ग्रुप को भविष्य में और अधिक सफलता हासिल करने तथा झारखंड के लोगों को बेहतर सेवाएं प्रदान करने के लिए शुभकामनाएं दीं। इस दौरान 99 ग्रुप के सीईओ राम प्रताप सिंह ने सांसद पप्पू यादव को स्मृति चिह्न (मोमेंटो) भेंटकर सम्मानित किया।

इस मौके पर राकेश पाठक ने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय परंपराओं, संस्कारों और राष्ट्रीय चेतना को समाज तक पहुंचाने का एक अभियान है। दीपावली हमें अंधकार से प्रकाश की ओर बढ़ने, आपसी मतभेद भुलाकर खुशियां बांटने और समाज में सकारात्मकता का संचार करने की प्रेरणा देती है। आज की पीढ़ी को देश के गौरवशाली इतिहास और सांस्कृतिक विरासत से जोड़ना समय की आवश्यकता है।

समापन अवसर पर 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज के सीईओ राम प्रताप सिंह ने सांसद सहित सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास है कि दीपावली के अवसर पर प्रत्येक वर्ष ऐसे आयोजन किए जाएं, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करें। उन्होंने बताया कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का आयोजन 7 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों का आयोजन किया जाएगा।

कार्यक्रम का संचालन 99 ग्रुप के डॉ. अमित रंजन ने किया। उनके प्रभावशाली मंच संचालन की सांसद पप्पू यादव ने भी सराहना की। वहीं, भानु सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन करते हुए अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।

उपस्थित लोगों ने इस आयोजन को दीपावली की पारंपरिक खुशियों, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति को एक सूत्र में पिरोने वाली एक अनूठी पहल बताया।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button