Breaking

CISF ने बनाई पहली पूर्ण महिला कमांडो इकाई, अग्रिम मोर्चे पर निभाएँगी परिचालन भूमिकाएँ।

Https://news93live.com/

कतरास/ नई दिल्ली।

महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम उठाते हुए केंद्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल (CISF) ने अपनी पहली पूर्ण महिला कमांडो इकाई का गठन किया है। इस पहल के तहत महिलाओं को अग्रिम पंक्ति की परिचालन भूमिकाओं में शामिल किया जाएगा।

मध्यप्रदेश के बरवाहा स्थित क्षेत्रीय प्रशिक्षण केंद्र (RTC) में महिला कमांडो का विशेष प्रशिक्षण शुरू हो चुका है। 8 सप्ताह का यह गहन कोर्स महिलाओं को उच्च सुरक्षा वाले प्रतिष्ठानों और संयंत्रों में त्वरित प्रतिक्रिया दल (QRT) और विशेष कार्य बल (STF) जैसी जिम्मेदारियों के लिए तैयार करेगा। प्रशिक्षण में शारीरिक व हथियार कौशल, लाइव-फायर अभ्यास, सहनशक्ति दौड़, बाधा दौड़, रैपलिंग, जंगल में जीवित रहने की तकनीक और 48 घंटे का आत्मविश्वास निर्माण अभ्यास शामिल है।

पहला बैच 30 महिला कर्मियों का है, जो फिलहाल विभिन्न हवाई अड्डों पर तैनात हैं। इनका प्रशिक्षण 11 अगस्त से 4 अक्टूबर 2025 तक चलेगा, जबकि दूसरा बैच 6 अक्टूबर से 29 नवंबर 2025 तक प्रशिक्षण लेगा। प्रारंभिक चरण में कम से कम 100 महिलाएँ इस विशेष कोर्स को पूरा करेंगी। इसके बाद उन्हें प्रमुख रूप से हवाई अड्डों और अन्य संवेदनशील प्रतिष्ठानों पर तैनात किया जाएगा।

गौरतलब है कि गृह मंत्रालय ने CISF में 10% महिला बल का लक्ष्य निर्धारित किया है। वर्तमान में बल में 12,491 (लगभग 8%) महिलाएँ हैं। वर्ष 2026 में 2400 महिलाओं की भर्ती का लक्ष्य रखा गया है, ताकि महिला कर्मियों की संख्या लगातार बढ़कर 10% से अधिक बनी रहे।

CISF का कहना है कि महिलाओं को मुख्य अभियानों का हिस्सा बनाना न केवल लैंगिक समानता की दिशा में अहम उपलब्धि है, बल्कि यह साबित करेगा कि महिलाएँ भी उन्हीं क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर सकती हैं, जिन्हें अब तक केवल पुरुषों का कार्यक्षेत्र माना जाता था।.

ब्यूरो रिपोर्ट बाघमारा.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button