अपना दीया, अपनी दिवाली’ में दिखी वंदे मातरम् की भावना और भारतीय संस्कृति की झलक..

विजय झा, डॉ. शिवानी झा एवं अभिषेक सिंह ने की 99 ग्रुप की पहल की सराहना, मिट्टी के दीये अपनाने और कुम्हार समाज को प्रोत्साहित करने का दिया..
धनबाद। 99 ग्रुप की अनूठी पहल ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ के तहत आयोजित दीपोत्सव में आज सामाजिक सरोकार, भारतीय संस्कृति और राष्ट्रभक्ति का सुंदर संगम देखने को मिला। आयोजन में समाजसेवी एवं BIADA के पूर्व अध्यक्ष श्री विजय झा, डॉ. शिवानी झा तथा जनता मजदूर संघ (बच्चा गुट) के महामंत्री श्री अभिषेक सिंह अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान श्री विजय झा ने 99 ग्रुप की इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि वंदे मातरम् की थीम को अपना दीया, अपनी दिवाली जैसे सांस्कृतिक आयोजन से जोड़ना एक सराहनीय प्रयास है। यह आयोजन हमारी राष्ट्रीय भावना, परंपरा और सांस्कृतिक विरासत को नई पीढ़ी तक पहुंचाने का माध्यम है।
डॉ. शिवानी झा ने दीपावली के वैज्ञानिक एवं सामाजिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि अमावस्या की अंधेरी रात में दीप जलाने का उद्देश्य समाज में प्रकाश फैलाने का प्रतीक है। उन्होंने यह भी बताया कि मौसम परिवर्तन के इस समय में दीपावली से जुड़ी पारंपरिक गतिविधियों का अपना वैज्ञानिक और प्राकृतिक महत्व रहा है।
वहीं, श्री अभिषेक सिंह ने लोगों से मिट्टी के दीयों का अधिक से अधिक उपयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि इससे कुम्हार समाज को आर्थिक मजबूती मिलेगी और हमारी पारंपरिक संस्कृति से नई पीढ़ी का जुड़ाव भी बना रहेगा। उन्होंने कहा कि जब कुम्हार भाइयों की आर्थिक स्थिति मजबूत होगी, तो यह देश के विकास में भी योगदान देगा। उन्होंने वंदे मातरम् की थीम और 99 ग्रुप के इस प्रयास की विशेष रूप से प्रशंसा की।
कार्यक्रम का शुभारंभ 99 ग्रुप के CEO श्री राम प्रताप सिंह ने श्री विजय झा, डॉ. शिवानी झा एवं श्री अभिषेक सिंह सहित अन्य अतिथियों के साथ दीप प्रज्वलित कर किया। इस अवसर पर CEO ने अतिथियों को पौधा एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया तथा स्मृति चिह्न प्रदान किए।
कार्यक्रम के समापन पर 99 ग्रुप के वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी ने सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि ग्रुप का प्रयास है कि प्रत्येक वर्ष दीपावली के अवसर पर ऐसे आयोजन किए जाएं, जो भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव, आपसी भाईचारे और राष्ट्रप्रेम की भावना को और मजबूत करें। उन्होंने बताया कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का आयोजन 7 नवंबर तक जारी रहेगा। इस दौरान विभिन्न सांस्कृतिक, रचनात्मक एवं सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया जाएगा।
कार्यक्रम का प्रभावशाली संचालन 99 ग्रुप के डॉ. अमित रंजन ने किया। वहीं, भानु सोनी ने धन्यवाद ज्ञापन कर सभी अतिथियों एवं उपस्थित लोगों के प्रति आभार प्रकट किया।
‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का छठा दिन दीपों की रोशनी, सांस्कृतिक गौरव और राष्ट्रप्रेम के संदेश के नाम रहा। 99 ग्रुप की यह पहल दीपावली के पारंपरिक उत्सव को एक नई पहचान देने के साथ ही समाज में भारतीय संस्कृति, राष्ट्रीय एकता और आपसी सद्भाव का संदेश प्रसारित कर रही है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



