श्री कृष्णा मातृ सदन रानी बाजार कतरास में निःशुल्क स्तन कैंसर जागरूकता शिविर आयोजित..
झिझक छोड़ें, स्वास्थ्य को प्राथमिकता दे.

धनबाद : श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार, कतरास में निःशुल्क स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. शिवानी झा, डायरेक्टर श्री कृष्णा मातृ सदन, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी, डायरेक्टर सात्विक आईवीएफ धनबाद और श्रीमती मनीषा मीनू क्लिनिकल डायटिशियन ने महिलाओं को दिए जागरूकता, बचाव और समय पर जाँच के सुझाव
महिलाओं को स्तन कैंसर के प्रति जागरूक करने और बीमारी की शुरुआती अवस्था में पहचान के महत्व को समझाने के उद्देश्य से बुधवार को प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार, कतरास में निःशुल्क स्तन कैंसर जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। शिविर का आयोजन श्री कृष्णा मातृ सदन, रानी बाजार कतरास एवं सात्विक आई.वी.एफ. सिटी सेंटर, धनबाद के संयुक्त तत्वावधान में किया गया।
इस जागरूकता कार्यक्रम में मुख्य रूप से डॉ. शिवानी झा, डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी एवं श्रीमती मनीषा मीनू मौजूद थे ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य महिलाओं को स्तन कैंसर के लक्षणों, शुरुआती पहचान, समय पर चिकित्सकीय परामर्श और नियमित स्वास्थ्य जाँच के प्रति जागरूक करना था।
डॉ. शिवानी झा ने महिलाओं के स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता के महत्व पर जोर देते हुए यह संदेश दिया कि शरीर में होने वाले असामान्य बदलावों को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए। स्तन में गांठ, आकार में बदलाव, त्वचा में असामान्य परिवर्तन या निप्पल से असामान्य स्राव जैसे लक्षण दिखाई देने पर चिकित्सक से सलाह लेना आवश्यक है। हालांकि, हर गांठ कैंसर नहीं होती, इसलिए सही जाँच के बाद ही स्थिति स्पष्ट होती है।
उन्होंने इन चीजों पर विशेष ध्यान देने की सलाह दी –
– स्तन या बगल में गांठ अथवा असामान्य बदलाव दिखने पर डॉक्टर से संपर्क करें।
– स्तन के आकार, त्वचा या निप्पल में नए बदलाव को नजरअंदाज न करें।
– चिकित्सक की सलाह के अनुसार आवश्यक जाँच और स्क्रीनिंग कराएँ।
– परिवार में स्तन कैंसर का इतिहास होने पर चिकित्सक को इसकी जानकारी दें।
– स्तन कैंसर के बारे में फैली भ्रांतियों से बचें और सही चिकित्सकीय जानकारी अपनाएँ।
डॉ. नेहा प्रियदर्शिनी ने स्तन कैंसर की शुरुआती पहचान और समय पर चिकित्सा के महत्व के बारे में जागरूकता का संदेश दिया। महिलाओं को सलाह दी गई कि वे अपनी उम्र, पारिवारिक इतिहास और व्यक्तिगत जोखिम के अनुसार चिकित्सक से उचित जाँच की जानकारी लें। किसी भी संदिग्ध लक्षण के सामने आने पर जाँच कराने में देरी नहीं करनी चाहिए। समय पर पहचान होने से उपचार के बेहतर अवसर मिल सकते हैं।
क्लिनिकल डायटिशियन श्रीमती मनीषा मीनू ने ब्रेस्ट कैंसर से बचाव के लिए खान-पान संबंधी जानकारी देते हुए कहा कि – क्या खाना चाहिए
* हरी पत्तेदार सब्जियाँ — पालक, मेथी, बथुआ और सरसों का साग नियमित खाएँ।
* मौसमी फल — सेब, अमरूद, संतरा, पपीता और अनार को आहार में शामिल करें।
* फाइबर युक्त भोजन — साबुत अनाज, दलिया, ओट्स और मल्टीग्रेन रोटी खाएँ।
* दाल एवं प्रोटीन — मूंग, मसूर, चना, राजमा और अन्य दालों का सेवन करें।
* हरी एवं रंगीन सब्जियाँ — गाजर, टमाटर, ब्रोकोली, फूलगोभी और शिमला मिर्च खाएँ।
* पर्याप्त पानी — दिनभर पर्याप्त पानी पिएँ।
किन चीजों से परहेज या कमी करनी चाहिए
* शराब से बचें — शराब का सेवन ब्रेस्ट कैंसर का जोखिम बढ़ाता है।
* प्रोसेस्ड मीट कम करें — सॉसेज, बेकन और अन्य प्रसंस्कृत मांस से बचें।
* जंक फूड सीमित करें — पिज्जा, बर्गर, चिप्स और पैकेट वाले स्नैक्स कम खाएँ।
* अधिक चीनी से बचें — मीठे पेय, कोल्ड ड्रिंक और अत्यधिक मिठाइयों का सेवन सीमित करें।
* तले हुए खाद्य पदार्थ कम खाएँ — बार-बार तले और अत्यधिक तेल वाले भोजन से बचें।
श्री कृष्णा मातृ सदन की मीणा कुमारी, सोनी देवी, पायल कुमारी और पुनिता कुमारी ने एक छोटी-सी संगीत के द्वारा लोगो को जागरूक किया एवं सात्विक आईवीएफ की तन्नू कुमारी ने इसके लक्षण को पहचाने के लिए एक छोटी सी प्रस्तुति दी।
उपस्थित अतिथि एवं नर्सिंग स्टाफ ने पिंक रिबन लगा कर ब्रेस्ट कैंसर से बचने के लिए जागरूक किया क्योंकि गुलाबी रंग (Pink) स्तन कैंसर के प्रति जागरूकता, समर्थन और उम्मीद का प्रतीक है। इसका उद्देश्य महिलाओं को समय पर जाँच कराने और शुरुआती लक्षणों को पहचानने के लिए प्रेरित करना है।
आयोजकों की इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को सही जानकारी उपलब्ध कराना, बीमारी को लेकर जागरूकता बढ़ाना और समय पर चिकित्सकीय सहायता लेने के लिए प्रेरित करना है। इस तरह के जागरूकता कार्यक्रम महिलाओं के स्वास्थ्य संरक्षण तथा समाज में स्वास्थ्य संबंधी सकारात्मक सोच विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
कार्यक्रम को सफल बनाने में मुख्य रूप से सात्विक आईवीएफ धनबाद और श्री कृष्णा मातृ सदन के सभी कर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही .
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



