धनबाद धनबाद में नेशनल लोक अदालत ने 3,34,710 विवादों का निपटारा, 1,61,34,71,000 रुपये की रिकवरी..

धनबाद : नेशनल लोक अदालत (NALSA) के निर्देश पर वर्ष 2026 के पहले सत्र में धनबाद में आयोजित नेशनल लोक अदालत ने 3,34,710 विवादों का निपटारा कर 1,61,34,71,000 रुपये की रिकवरी सुनिश्चित की। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह चेयरमैन निकेश कुमार सिन्हा ने सड़क दुर्घटना में माता-पिता खोने वाले प्रभु साव को 1.38 करोड़ रुपये का चेक प्रदान किया, वहीं पति खोने वाली विधवा को 82 लाख रुपये का मुआवजा दिया गया।
नेशनल लोक अदालत का उद्घाटन ऑनलाइन जमशेदपुर से न्यायमूर्ति सुजित नारायण प्रसाद द्वारा किया गया। इस अवसर पर न्यायाधीश सिन्हा ने कहा कि यह अदालत संविधान के आदर्शों के अनुरूप सस्ता, त्वरित और सुलभ न्याय प्रदान करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने कहा कि लोक अदालतों के माध्यम से लोग कोर्ट के महीनों लंबा चक्कर और पैसे की बर्बादी से बच सकते हैं, जिससे मानसिक शांति और सामाजिक सौहार्द भी कायम रहता है।
अवर न्यायाधीश सह सचिव मयंक तुषार टोपनो ने बताया कि 13 बेंचों के माध्यम से पहले दो घंटे में 2,54,975 प्रिलिटिगेशन मामले निपटाए गए, जिसमें 1,36,43,70,931 रुपये की रिकवरी हुई। वहीं दिव्यांगों को ट्राईसाइकिल और प्रमाण पत्र प्रदान किए गए। चार बच्चों को स्पॉन्सरशिप योजना में शामिल किया गया, जबकि 40 बच्चों को श्रम विभाग की स्कॉलरशिप योजना का लाभ दिया गया।
कार्यक्रम में न्यायिक पदाधिकारी, विभागीय अधिकारी, बार एसोसिएशन के अधिवक्ता और दर्जनों लोग उपस्थित थे। न्यायाधीशों ने कहा कि लोक अदालत का मुख्य उद्देश्य समाज में प्रेम, शांति, समृद्धि और न्याय सुनिश्चित करना है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



