असर्फी हॉस्पिटल पर धनबाद नगर निगम का बड़ा एक्शन,3.37 करोड़ का लगाया पेनाल्टी.

धनबाद नगर निगम ने असर्फी हॉस्पिटल के खिलाफ बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई करते हुए 3 करोड़ 27 लाख 64 हजार 750 रुपये जमा करने का आदेश जारी किया है। साथ ही 1335.30 वर्गमीटर अवैध निर्माण हटाने, पार्किंग व्यवस्था बहाल करने और फायर सेफ्टी मानकों का पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
नगर निगम के अनुसार झारखंड नगरपालिका अधिनियम 2011 और झारखंड भवन उपविधि 2016 के तहत भवन वाद संख्या-05/2025 में विस्तृत जांच, संयुक्त निरीक्षण, दोबारा मापी और सभी पक्षों को सुनवाई का अवसर देने के बाद यह आदेश पारित किया गया है।
जांच में सामने आया कि अस्पताल परिसर में स्वीकृत भवन मानचित्र से अधिक निर्माण किया गया। अतिरिक्त मंजिल और अतिरिक्त क्षेत्रफल का निर्माण किया गया। इसके अलावा स्वीकृत पार्किंग व्यवस्था का उल्लंघन और भवन उपविधियों के अन्य नियमों का भी पालन नहीं किया गया।
नगर निगम ने आदेश दिया है कि अस्पताल प्रबंधन निर्धारित समय सीमा के भीतर 3 करोड़ 27 लाख 64 हजार 750 रुपये निगम में जमा करे। साथ ही 1335.30 वर्गमीटर गैर-समायोज्य यानी नॉन-कंपाउंडेबल अवैध निर्माण को हटाए, पार्किंग व्यवस्था को पूर्ववत करे तथा 15 मीटर से अधिक ऊंचाई वाले भवन के लिए आवश्यक फायर सेफ्टी एनओसी और अन्य अग्नि सुरक्षा मानकों का अनुपालन सुनिश्चित करे।
नगर निगम ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि यदि तय समय के भीतर आदेश का पालन नहीं किया गया तो अस्पताल के खिलाफ ध्वस्तीकरण, सीलिंग, बकाया राशि की वसूली सहित अन्य वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
नगर निगम ने सभी भवन स्वामियों, अस्पतालों, संस्थानों और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों से अपील की है कि भवन निर्माण, विस्तार और उपयोग के दौरान स्वीकृत मानचित्र, पार्किंग व्यवस्था, फायर सेफ्टी और भवन उपविधियों का पूरी तरह पालन करें। नियमों की अनदेखी करने वालों के खिलाफ भविष्य में भी सख्त कानूनी कार्रवाई जारी रहेगी।
फिलहाल नगर निगम की इस कार्रवाई ने शहर के अन्य बड़े संस्थानों और व्यावसायिक भवनों में भी हलचल मचा दी है। अब सबकी नजर इस बात पर है कि असर्फी हॉस्पिटल प्रशासन निर्धारित समय के भीतर आदेश का पालन करता है या फिर नगर निगम अपनी अगली सख्त कार्रवाई अमल में लाता है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



