*धनबाद जंक्शन से पोडनूर–धनबाद अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस का भव्य स्वागत*
सांसद ढुलू महतो ने पोडनूर–धनबाद अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस को हरी झंडी दिखाकर किया शुभारंभ*

धनबादवासियों के लिए शुक्रवार को एक महत्वपूर्ण उपलब्धि के रूप में पोडनूर–धनबाद अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के परिचालन की शुरुआत हुई। इस अवसर पर धनबाद जंक्शन पर आयोजित स्वागत समारोह में धनबाद के सांसद ढुलू महतो मुख्य रूप से उपस्थित रहे।
सांसद ढुलू महतो ने धनबाद जंक्शन पर पहुंची इस नई ट्रेन का हरी झंडी दिखाकर स्वागत किया तथा ट्रेन के लोको पायलट को माला पहनाकर सम्मानित किया। इस अवसर पर रेलवे के वरिष्ठ अधिकारी, स्थानीय जनप्रतिनिधि, सामाजिक कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में नागरिकों की गरिमामयी उपस्थिति रही।
इस अवसर पर सांसद ढुलू महतो ने कहा कि पोडनूर–धनबाद अमृत भारत साप्ताहिक एक्सप्रेस के परिचालन से धनबाद तथा आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को बड़ी सुविधा प्राप्त होगी। इस ट्रेन के माध्यम से दक्षिण भारत के प्रमुख क्षेत्रों से धनबाद का सीधा रेल संपर्क स्थापित होगा, जिससे यात्रियों को आवागमन में आसानी होगी तथा समय की भी बचत होगी।
उन्होंने कहा कि इस नई रेल सेवा से न केवल आम यात्रियों को लाभ मिलेगा, बल्कि व्यापार, शिक्षा, रोजगार और स्वास्थ्य सेवाओं के क्षेत्र में भी सकारात्मक प्रभाव पड़ेगा। दक्षिण भारत में पढ़ाई या रोजगार के लिए जाने वाले विद्यार्थियों और श्रमिकों के लिए यह ट्रेन विशेष रूप से उपयोगी सिद्ध होगी।
सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद संसदीय क्षेत्र के विकास और यात्रियों को बेहतर रेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए वे निरंतर प्रयासरत हैं। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आने वाले समय में धनबाद और आसपास के क्षेत्रों को और अधिक बेहतर रेल सेवाओं का लाभ मिलेगा।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र के समग्र विकास और जनसुविधाओं के विस्तार के लिए उनका प्रयास निरंतर जारी रहेगा, ताकि धनबाद को देश के प्रमुख रेल संपर्क केंद्रों में और अधिक सशक्त बनाया जा सके।



