धनबाद शक्ति चौक के पास कोयला कारोबारी के ऊपर ताबड़तोड़ फायरिंग, एक घायल, सीसीटीवी फुटेड खंगाल रही पुलिस।

धनबाद: में एक बार फिर गोलियों की गूंज से दहल उठा. 8 लेन मार्ग स्थित शक्ति चौक के पास बुधवार सरेशाम बाइक सवार अपराधियों ने एक कोयला कारोबारी पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस सनसनीखेज हमले में कारोबारी मनीष सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए हैं।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, मनीष सिंह अपनी एसयूवी गाड़ी में सवार होकर कहीं जा रहे थे, तभी पहले से घात लगाए बाइक सवार अपराधियों ने उन्हें निशाना बनाते हुए गोली चला दी। गोली सीधे उनकी छाती में जा लगी और कुछ ही सेकंड में वहां अफरा-तफरी मच गई। हमलावर बेखौफ अंदाज में वारदात को अंजाम देकर फरार हो गए, और शहर की पुलिस व्यवस्था मानो कहीं दिखाई ही नहीं दी।
घायल मनीष सिंह को तुरंत अशर्फी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। लेकिन स्थिति गंभीर होने और गोली छाती में फंसी रहने के कारण उसे वहां नहीं निकाला जा सका। बेहतर इलाज के लिए डॉक्टरों ने उन्हें तत्काल दुर्गापुर रेफर कर दिया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
इस घटना ने एक बार फिर धनबाद की कानून-व्यवस्था पर गहरे सवाल खड़े कर दिए हैं। शहर के व्यस्त इलाके में सरेशाम इस तरह की गोलीबारी यह सोचने पर मजबूर करती है कि आखिर अपराधियों में पुलिस का खौफ क्यों खत्म होता जा रहा है। आम लोगों के बीच अब यह चर्चा तेज है कि जब शहर के बीचों-बीच कोई भी सुरक्षित नहीं है, तो सुरक्षा की जिम्मेदारी आखिर कौन निभा रहा है।
घटना के बाद पुलिस जरूर हरकत में आई है और आसपास लगे सीसीटीवी फुटेज खंगालने के साथ जांच की बात कह रही है, लेकिन हर बार की तरह सवाल यही उठता है कि आखिर घटनाओं के बाद की कार्रवाई ही क्यों, पहले से रोकथाम क्यों नहीं। प्रारंभिक तौर पर पुरानी रंजिश या कारोबारी विवाद की बात सामने आ रही है, मगर सच क्या है, यह जांच के बाद ही साफ होगा।
फिलहाल इस सनसनीखेज वारदात ने पूरे शहर में डर और आक्रोश का माहौल पैदा कर दिया है। लोग खुद को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस की कार्यशैली पर खुलकर सवाल उठा रहे हैं।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



