Breaking

सरस्वती शिशु मंदिर श्यामडीह में रंगारंग राखी एवं मेहंदी प्रतियोगिता का आयोजन*

Https://news93live.com/

*कतरास* : 27 अगस्त 2026। रक्षा बंधन के पावन अवसर पर सरस्वती शिशु मंदिर, श्यामडीह में राखी निर्माण एवं मेहंदी प्रतियोगिता का रंगारंग आयोजन किया गया। प्रतियोगिता के माध्यम से भैया-बहनों को भारतीय संस्कृति, परंपरा एवं रचनात्मक अभिव्यक्ति से जोड़ने तथा अपनी गौरवशाली सांस्कृतिक विरासत के प्रति जागरूक करने का सार्थक प्रयास किया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ बाल कल्याण ट्रस्ट के अध्यक्ष श्री श्रवण खेतान के नेतृत्व में विद्यालय के अध्यक्ष श्री हरि प्रसाद अग्रवाल, सचिव श्री विक्रम राजगढ़िया, सह-सचिव श्री सुशील चौधरी, ट्रस्टी श्री मनोज अग्रवाल सहित अन्य गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में किया गया। इस अवसर पर अतिथियों ने भैया-बहनों द्वारा निर्मित सुंदर एवं आकर्षक राखियों तथा मेहंदी की कलात्मक प्रस्तुतियों का अवलोकन किया। पूरे विद्यालय परिसर में उत्साह, उमंग और भारतीय संस्कृति की झलक से युक्त मनमोहक वातावरण बना रहा।

कार्यक्रम के दौरान बहनों द्वारा सस्वर रामचरितमानस पाठ की मनोहारी प्रस्तुति दी गई, जिसने पूरे वातावरण को भक्तिमय एवं संस्कारमय बना दिया।

विद्यालय के प्रधानाचार्य श्री अभिमन्यु कुमार ने अतिथियों का स्वागत एवं परिचय कराते हुए भैया-बहनों का उत्साहवर्धन किया। उन्होंने कहा कि रक्षा बंधन केवल भाई-बहन के स्नेह का पर्व ही नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, पारिवारिक मूल्यों और सामाजिक समरसता का प्रतीक भी है। विद्यालय में आयोजित ऐसे कार्यक्रम भैया-बहनों की रचनात्मकता एवं प्रतिभा को निखारने के साथ-साथ उन्हें अपनी समृद्ध परंपराओं एवं संस्कारों के प्रति जागरूक और गौरवान्वित करने का कार्य करते हैं।

प्रतियोगिता में बालवर्ग, किशोर वर्ग एवं तरुण वर्ग के प्रतिभागियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। भैया-बहनों ने अपनी कल्पनाशीलता एवं कलात्मक प्रतिभा का परिचय देते हुए आकर्षक राखियों का निर्माण किया तथा मेहंदी प्रतियोगिता में सुंदर एवं मनमोहक डिजाइनों का प्रदर्शन किया। उत्कृष्ट प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया।

कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के उपप्राचार्य सहित समस्त आचार्य-दीदी एवं कर्मचारी बंधु-भगिनियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। अतिथियों ने भैया-बहनों की प्रतिभा, सृजनात्मकता एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों की सराहना करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का समापन भैया-बहनों में भारतीय संस्कृति, संस्कार एवं गौरवशाली परंपराओं के प्रति जागरूकता और गौरव की भावना को और अधिक सुदृढ़ करने के संकल्प के साथ हुआ।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button