वार्ड 29 का बूथ नम्बर 251, 252और 253 पर शांति से चल रहा मतदान.

धनबाद। नगर निगम चुनाव के तहत वार्ड संख्या 29 में सोमवार को मतदान शांतिपूर्ण माहौल में संपन्न हुआ। सुबह से ही मतदान केंद्रों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी रहीं और पूरे दिन लोकतंत्र का उत्सव जैसा माहौल बना रहा।

भारी भीड़ के बावजूद कहीं से भी अव्यवस्था या विवाद की सूचना नहीं मिली। प्रशासन और पुलिस बल की मुस्तैदी के कारण मतदान प्रक्रिया सुचारु रूप से चलती रही। मतदान केंद्रों पर सुरक्षा और सुविधा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे।
इस बार युवाओं की भागीदारी विशेष रूप से उल्लेखनीय रही। बड़ी संख्या में पहली बार वोट डालने पहुंचे युवा मतदाताओं ने उत्साह के साथ अपने मताधिकार का प्रयोग किया। युवाओं ने कहा कि वे क्षेत्र के विकास, बेहतर सड़क, स्वच्छता और मूलभूत सुविधाओं को ध्यान में रखकर मतदान कर रहे हैं।
स्थानीय मतदाताओं ने भी शांतिपूर्ण मतदान पर संतोष जताया और उम्मीद जताई कि उनका वोट क्षेत्र के विकास की नई दिशा तय करेगा। अब पूरे वार्ड की नजर चुनाव परिणाम पर टिकी है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



