कतरी नदी पर बने अवैध पुल से पाइप हटाया गया*

*कतरास*: बीसीसीएल एरिया-4 अंतर्गत संचालित डेको आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा परियोजना से ओबी (ओवरबर्डन) डंपिंग के लिए कतरी नदी पर कथित रूप से अवैध पुल का निर्माण किया गया था। इस मामले की जानकारी वार्ड संख्या-5 की नवनिर्वाचित पार्षद निरुपमा देवी ने जमशेदपुर पश्चिम के विधायक तथा वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा को दी।
जानकारी मिलने के बाद विधायक सरयू राय और विजय कुमार झा व निरुपमा देवी ने स्थल का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दूसरे ही दिन बीसीसीएल अधिकारियों द्वारा अवैध पुल पर लगाए गए पाइपों को हटा लिया गया, जिससे क्षेत्र के लोगों में संतोष देखा गया।
वियाडा के पूर्व अध्यक्ष विजय कुमार झा ने इस कार्रवाई के लिए विधायक सरयू राय के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कतरी नदी के अस्तित्व और पर्यावरण संरक्षण के लिए यह एक महत्वपूर्ण कदम है। उन्होंने बीसीसीएल प्रबंधन से यह भी आग्रह किया कि आरके आउटसोर्सिंग कंपनी द्वारा कतरी नदी में किए गए कथित अवैध पुल निर्माण को भी अविलंब ध्वस्त किया जाए, ताकि नदी के प्राकृतिक प्रवाह में किसी प्रकार की बाधा उत्पन्न न हो।
वहीं, वार्ड संख्या-5 की पार्षद निरुपमा देवी ने इस कार्रवाई पर क्षेत्र की जनता के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि जनता के विश्वास और सहयोग से पर्यावरण एवं जनहित से जुड़े मुद्दों को लगातार उठाया जाएगा तथा भविष्य में भी ऐसे अवैध कार्यों पर प्रभावी रोक लगाने के लिए संघर्ष जारी रहेगा।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क



