शहर को चमकाने वाले सफाई कर्मियों को सिंह मेंशन में मिला सम्मान, महापौर-विधायक ने गमछा पहनाकर बढ़ाया मान..
आंवला नवमी पर सम्मान व सहभोज का आयोजन, दुर्गापूजा, दीपावली और छठ में उत्कृष्ट सेवा देने वाले सैकड़ों सफाई कर्मियों का हुआ सम्मान..

धनबाद। शहर की चमक-दमक और त्योहारों की रौनक के पीछे जिन हाथों की मेहनत छिपी होती है, उनके सम्मान में आंवला नवमी के अवसर पर सिंह मेंशन में विशेष आयोजन किया गया। धनबाद के महापौर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह ने अपने आवास पर नगर निगम के सफाई कर्मियों को गमछा पहनाकर सम्मानित किया। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ महापर्व के दौरान दिन-रात मेहनत कर शहर को स्वच्छ रखने वाले सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए दोनों जनप्रतिनिधियों ने उनके प्रति आभार जताया।
इस मौके पर सफाई कर्मियों और उनके परिवारजनों के लिए सहभोज का भी आयोजन किया गया। त्योहारों के दौरान जब पूरा शहर उत्सव में डूबा रहता है, तब यही सफाई कर्मी सड़कों, गलियों, बाजारों और सार्वजनिक स्थलों को स्वच्छ रखने में जुटे रहते हैं। उनके इसी समर्पण और मेहनत को सम्मान देने के उद्देश्य से यह पहल की गई। गमछा पहनाकर सम्मानित करने के साथ जनप्रतिनिधियों ने यह संदेश भी दिया कि शहर की स्वच्छता में योगदान देने वाले श्रमिकों का सम्मान समाज की जिम्मेदारी है।
महापौर संजीव सिंह ने कहा कि सफाई कर्मी शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं। दुर्गापूजा, दीपावली और छठ के दौरान उनके समर्पण एवं मेहनत से धनबाद स्वच्छ बना रहा। उनके योगदान का सम्मान करना हमारा दायित्व है।
झरिया विधायक रागिनी सिंह ने कहा कि सफाई कर्मियों की मेहनत और सेवा भावना सराहनीय है। त्योहारों के दौरान भी उन्होंने पूरी निष्ठा से शहर की स्वच्छता की जिम्मेदारी निभाई। उनके श्रम का सम्मान करना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है।
सम्मान समारोह के दौरान सफाई कर्मियों में खासा उत्साह देखने को मिला। गमछा पहनाकर सम्मानित किए जाने और उनके लिए भोजन की व्यवस्था किए जाने पर कर्मियों ने खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि उनके काम और मेहनत को इस तरह सम्मान मिलना उनके लिए गर्व की बात है। सभी ने महापौर और विधायक के प्रति आभार जताया।
कार्यक्रम में निगम कर्मचारियों में हुजैफा अंसारी, धीरज यादव, राजेश रजक, अविनाश कुमार यादव, मुकेश वर्मा, सतेंद्र कुमार नोनिया, सरफराज अंसारी, जितेंद्र प्रसाद एवं मधुमिता विश्वास सहित रेमकी कंपनी के प्रतिनिधि, निगम सुपरवाइजर तथा सैकड़ों की संख्या में सफाई कर्मचारी मौजूद रहे।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



