धनबाद महापौर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह के अपमान पर Railway DRM के खिलाफ कार्रवाई की मांग।..

धनबाद : अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने प्रेस विज्ञप्ति जारी कर रेलवे डीआरएम पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि धनबाद के महापौर संजीव सिंह और झरिया विधायक रागिनी सिंह का अपमान किया गया है, जिसकी वे घोर निंदा करते हैं।
उन्होंने बताया कि लोकमान्य तिलक टर्मिनस के शुभारंभ कार्यक्रम के लिए पहले महापौर और विधायक को आमंत्रित किया गया था, लेकिन बाद में अचानक उनका नाम पोस्टर से हटा दिया गया और आमंत्रण रद्द कर दिया गया।
रत्नेश कुमार ने सवाल उठाया कि आखिर किसके दबाव में कार्यक्रम से महज एक घंटा पहले यह निर्णय लिया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि धनबाद के सांसद ढुल्लू महतो के दबाव में आकर रेलवे अधिकारियों ने यह कदम उठाया।
उन्होंने कहा कि महापौर संजीव सिंह की बढ़ती लोकप्रियता से घबराकर इस तरह का कदम उठाया गया है, जो कि निंदनीय है। साथ ही उन्होंने कहा कि महापौर जिले के प्रथम नागरिक होते हैं और उनका सम्मान सर्वोपरि होना चाहिए।
अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ ने इस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी रेलवे अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



