आउटसोर्सिंग कंपनी में वर्चस्व को लेकर बाबूडीह में चले बम और गोली, कई घायल, कई वाहनों को आग लगा दी गई*।

*कतरास*। धर्माबांध ओपी अंतर्गत बाबूडीह क्षेत्र स्थित आउटसोर्सिंग कंपनी में वर्चस्व को लेकर दो गुटों के बीच हिंसक झड़प हुई। झड़प के दौरान दोनों गुटों ने एक-दूसरे पर अंधाधुंध फायरिंग की और बम फेंके। इस घटना में दर्जनों लोग घायल हुए हैं और कई वाहनों को आग लगा दी गई है। घटनास्थल से पुलिस ने जिंदा बम बरामद किया है।इस घटना में दो पत्रकारों के भी घायल होने की खबर है।घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को नियंत्रण में कर लिया गया है।हालांकि, क्षेत्र में अभी भी तनाव का माहौल है।
जानिए क्या है पूरा मामला
बीसीसीएल के बंद पड़े खरखरी कोलियरी में कोयला खनन का जिम्मा हिल टाप आउटसोर्सिंग कंपनी को मिला है। इसी आउटसोर्सिंग में वर्चस्व स्थापित करने को लेकर झामुमो नेता कारू यादव समर्थक तथा आजसू नेता रामाशंकर तिवारी समर्थकों के बीच हिंसक झड़प हो गई। इस दौरान एक पक्ष ने आजसू कार्यालय में आग लगा दी। सूचना पाकर पुलिस पहुंची और स्थिति को नियंत्रित किया। एसडीपीओ पीके सिंह के नेतृत्व में पुलिस उपद्रवियों को गिरफ्तार करने खरखरी तालाब के समीप स्थित कारू यादव के मार्केट पहुंची। झामुमो नेता कारू को हिरासत में लेने के दौरान उपद्रवोयों ने पुलिस पर जमकर ईंट पत्थर बरसाए। सिर पर पत्थर लगने से एसडीपीओ पीके सिंह जख्मी हो गए। इस घटना के बाद इलाके में तनाव व्याप्त है। पुलिस उपद्रवियों को पकड़ने के लिए अभी भी ताबड़तोड़ छापेमारी कर रही है। इधर घायल डीएसपी पुरुषोत्तम सिंह से मिलने अशर्फी अस्पताल आईजी ,डीआईजी समेत कई वरीय अधिकारी पहुंचे है.
मुकेश सिंह की रिपोर्ट.



