धनसार के गजुआटांड़ में जमीन विवाद गहराया, दूसरे पक्ष ने भी प्रेसवार्ता कर लगाए गंभीर आरोप*

*21 जुलाई को अंचल कार्यालय में दोनों पक्षों को दस्तावेजों के साथ बुलाया गया, रैयती जमीन पर हुक्मनामा के दावे पर उठाए सवाल
धनबाद : धनसार थाना क्षेत्र के गजुआटांड़ स्थित खाता संख्या-29 की जमीन को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद लगातार गहराता जा रहा है। पहले मोहम्मद असलम अंसारी ने धनसार थाना में आवेदन देकर जबरन जमीन की मापी कराने और धमकी देने का आरोप लगाया था। अब दूसरे पक्ष ने भी प्रेसवार्ता कर अपने पक्ष को सार्वजनिक किया है।
बसंती देवी के आवास पर आयोजित प्रेसवार्ता में पारु महतो की बहू बसंती देवी, छोटू राव और नंदू रजक ने दावा किया कि विवादित जमीन उनकी खतियानी (रैयती) जमीन है, इसलिए उन्हें वहां जाने से कोई नहीं रोक सकता। उन्होंने कहा कि खाता संख्या-29 के प्लॉट संख्या 79, 80, 82, 6, 4, 141 और 55, जिनका कुल रकबा लगभग 3 एकड़ 51 डिसमिल है, पर दूसरे पक्ष द्वारा कभी राजा से हुक्मनामा और कभी रजिस्ट्री कराने का दावा किया जाता है।
प्रेसवार्ता में उन्होंने सवाल उठाया कि जब जमीन रैयती है, तो राजा द्वारा हुक्मनामा कैसे जारी किया जा सकता है। उनका यह भी कहना था कि जबरन जमीन कब्जाने के आरोप में धनबाद अंचल कार्यालय द्वारा संबंधित पक्ष को नोटिस भी जारी किया गया था, लेकिन दो-तीन तिथियां बीत जाने के बावजूद वैध दस्तावेज (वैलिड पेपर) प्रस्तुत नहीं किए गए।
उन्होंने बताया कि अंचल कार्यालय ने अब दोनों पक्षों को 21 जुलाई 2026 को सभी आवश्यक एवं वैध दस्तावेजों के साथ उपस्थित होने का निर्देश दिया है। मामले में आगे की कार्रवाई अंचल कार्यालय द्वारा दस्तावेजों की जांच के बाद की जाएगी।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



