*झारखंड के जननेता ददई दुबे के निधन पर सूरज महतो ने जताया गहरा शोक*

*धनबाद |* झारखंड के लोकप्रिय राजनेता और कांग्रेस के वरिष्ठ नेता चंद्रशेखर दुबे, जिन्हें जनता स्नेहपूर्वक ‘ददई दुबे’ के नाम से जानती थी, का गुरुवार को निधन हो गया। उनका जीवन संघर्ष, समर्पण और जनसेवा की मिसाल रहा। वे झारखंड सरकार में मंत्री, सांसद, विधायक एवं इंटक (INTUC) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जैसे कई अहम पदों पर रहे और देश-राज्य के मज़दूर आंदोलन में उनकी भूमिका अविस्मरणीय रही।
झामुमो युवा मोर्चा धनबाद के जिलाध्यक्ष सूरज महतो ने उनके निधन पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए कहा—
> “ददई दुबे जी का जाना केवल एक राजनेता का निधन नहीं है, बल्कि झारखंड की माटी ने अपना एक सच्चा सपूत खो दिया है। उनका जीवन हमें यह सिखाता है कि सच्ची राजनीति वही है जो आम आदमी के दुःख-दर्द में खड़ी हो। उन्होंने हमेशा मज़दूर, गरीब और वंचितों की आवाज़ को बुलंद किया। उनके आदर्श आने वाली पीढ़ियों को सदैव प्रेरणा देंगे।”
सूरज महतो ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोक संतप्त परिवार को संबल प्रदान करने की प्रार्थना की है।
ब्यूरो रिपोर्ट धनबाद.



