*न्यू मधुबन कोल वाशरी के पास 24 टन अवैध कोयला जब्त, सीआईएसएफ ने की कार्रवाई*

*बाघमारा*।मधुबन कोल वाशरी के खानुडीह और रेलवे साइडिंग ट्रैक के समीप अवैध रूप से इकठ्ठा किए गए 24 टन कोयले को सीआईएसएफ की ब्लॉक टू यूनिट ने जब्त कर वाशरी प्रबंधन को सौंप दिया। यह कार्रवाई गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
सूत्रों के अनुसार, असामाजिक तत्वों द्वारा रेलवे साइडिंग से मालगाड़ी से कोयला उतारकर ट्रैक के किनारे जमा किया जा रहा था। इसके बाद उसे छोटी-बड़ी गाड़ियों के माध्यम से विभिन्न स्थानों पर अवैध रूप से बेचा जा रहा था।
सुरक्षा बलों की तत्परता से कार्रवाई सफल
गुप्त सूचना मिलते ही ब्लॉक टू क्षेत्र के नोडल सुरक्षा प्रभारी इंदल लाल यादव के नेतृत्व में कार्रवाई की गई। इस दौरान सीआईएसएफ इंस्पेक्टर रविकांत राय, सीआईएसएफ जवानों और बीसीसीएल के सुरक्षा गार्डों की टीम मौके पर पहुंची और 24 टन कोयले को जब्त कर लिया।
जब्त कोयला न्यू मधुबन वाशरी प्रबंधन को सौंप दिया गया है। पूरे मामले की जांच की जा रही है और इसमें शामिल असामाजिक तत्वों की पहचान करने के प्रयास जारी हैं।
News 93 Live के लिए कतरास से आदर्श की रेपोर्ट.



