सुदामडीह में रोपवे चोरी के दौरान दर्दनाक हादसा, गैस कटर से लोहा काटते वक्त हुआ विस्फोट, एक की मौत, दो गंभीर..

धनबाद, झारखंड – सुदामडीह थाना क्षेत्र में सोमवार देर रात एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। सेल (SAIL) की आउटसोर्सिंग साइट पर स्थित पुराने रोपवे से लोहा चोरी करने के प्रयास में तीन युवक हादसे का शिकार हो गए।
स्थानीय सूत्रों के अनुसार, चोर गैस कटर की मदद से रोपवे का लोहा काट रहे थे, तभी अचानक एक जोरदार धमाका हुआ। इस हादसे में पवन पासवान नामक युवक की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
घायलों की हालत नाजुक हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया। डॉक्टरों के अनुसार दोनों की हालत बेहद गंभीर बनी हुई है।
इलाके में दहशत का माहौल घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत का माहौल है। स्थानीय प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि चोरी के पीछे कौन लोग शामिल थे और गैस कटर के इस्तेमाल से हादसा कैसे हुआ।
सुरक्षा पर उठे सवाल यह घटना न केवल चोरी की बढ़ती घटनाओं की ओर इशारा करती है, बल्कि औद्योगिक परिसरों की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करती है।
News 93 Live के लिए पाथरडीह से सुशील कुमार की रिपोर्ट.



