*राजगंज में भीषण सड़क हादसा, गाय को बचाने में पिकअप वैन डिवाइडर से टकराकर डिज़ायर कार से जा भिड़ा, बच्चा गंभीर रूप से घायल*

*धनबाद :* रविवार शाम राजगंज थाना क्षेत्र के चालीबंगाल स्थित होंडा शोरूम के पास एक भीषण सड़क हादसा हो गया। धनबाद झरिया की ओर से आ रही एक पिकअप वैन (संख्या JH10DA0314) अचानक अनियंत्रित होकर डिवाइडर से टकरा गई और विपरीत दिशा में जा घुसी। इस दौरान सामने से आ रही डिज़ायर कार (संख्या JH03AQ 3253) से आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई।
पिकअप वाहन में डिटर्जेंट साबुन लदा हुआ था। चालक यश (निवासी झरिया, धनबाद) ने बताया, “अचानक सड़क पर एक गाय आ गई। उसे बचाने की कोशिश में गाड़ी डिवाइडर से टकरा गई और दूसरी लेन में जा पहुंची।”
टक्कर इतनी भीषण थी कि डिज़ायर कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। कार में सवार चार लोगों में एक बच्चे का पैर टूट गया, एक व्यक्ति के सिर में गंभीर चोट आई और दो अन्य यात्री भी घायल हो गए। सभी घायलों को स्थानीय लोगों की मदद से तुरंत अशरफी अस्पताल, धनबाद भेजा गया, जहां उनका इलाज जारी है।
हादसे के बाद करीब एक घंटे तक जीटी रोड पर जाम की स्थिति बनी रही। मौके पर पहुंचे ग्रामीणों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही पुलिस दल घटनास्थल पर पहुंचा और दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाकर यातायात को पुनः सुचारू कराया।
स्थानीय लोगों ने बताया कि इस क्षेत्र में अक्सर सड़क पर मवेशी आ जाने से दुर्घटनाएं होती रहती हैं। ग्रामीणों ने प्रशासन से सड़क किनारे सुरक्षा घेराबंदी या बैरिकेड लगाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसे हादसों को रोका जा सके।
News 93 Live के लिए राजगंज से आदर्श की रिपोर्ट.



