Breaking

जिला तीरंदाजी संघ के सम्मान से खिलाड़ियों का बढ़ा हौसला*

Https://news93live.com/

*राष्ट्रीय खेल दिवस पर 31 पदकवीर तीरंदाज सम्मानित, बेहतर स्टेडियम और अत्याधुनिक खेल सुविधाओं की उठी जोरदार मांग*

धनबाद। राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर धनबाद जिला तीरंदाजी संघ की ओर से जिले के प्रतिभावान खिलाड़ियों का सम्मान किया गया। शनिवार को यूनियन क्लब में आयोजित सम्मान समारोह में राज्य एवं राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं में पदक जीतकर धनबाद का नाम रोशन करने वाले 31 खिलाड़ियों को सम्मानित किया गया। सम्मान पाकर खिलाड़ियों के चेहरे पर खुशी और उत्साह साफ नजर आया।

समारोह को संबोधित करते हुए संघ के अध्यक्ष विजय कुमार झा ने हॉकी के जादूगर स्वर्गीय मेजर ध्यानचंद को नमन किया। उन्होंने कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपनी लगन, मेहनत और अद्भुत प्रतिभा के दम पर पूरी दुनिया में भारत का गौरव बढ़ाया। खेल के प्रति उनका समर्पण आज भी देश के खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उन्होंने खिलाड़ियों से निरंतर अभ्यास, कड़ी मेहनत, अनुशासन और आधुनिक तकनीकों को अपनाकर अपने प्रदर्शन को बेहतर बनाने का आह्वान किया।

विजय कुमार झा ने कहा कि धनबाद में प्रतिभावान खिलाड़ियों की कोई कमी नहीं है, लेकिन इन प्रतिभाओं को बेहतर मंच और सुविधाएं उपलब्ध कराने की जरूरत है। उन्होंने सरकार से जिले में बेहतर स्टेडियम, अत्याधुनिक खेल सुविधाएं, प्रशिक्षण की व्यवस्था और खिलाड़ियों के लिए पर्याप्त संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की। उन्होंने कहा कि यदि खिलाड़ियों को उचित प्रशिक्षण और संसाधन मिलें तो धनबाद के खिलाड़ी राष्ट्रीय ही नहीं, अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी जिले और राज्य का नाम रोशन कर सकते हैं।

समारोह के विशिष्ट अतिथि धनबाद बार संघ के अध्यक्ष राधेश्याम गोस्वामी तथा पूर्व अध्यक्ष एवं जीपी अमरेन्द्र सहाय मुन्ना ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया और उन्हें सम्मानित किया। वहीं मुख्य अतिथि, पूर्व खिलाड़ी एवं पावरलिफ्टिंग के राष्ट्रीय चैंपियन दुर्गा राम ने सभी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

कार्यक्रम का संचालन संघ के महासचिव जुबैर आलम ने किया। उन्होंने खिलाड़ियों को निरंतर अभ्यास और अनुशासन के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया। साथ ही समारोह में पहुंचे अतिथियों, खिलाड़ियों और खेलप्रेमियों के प्रति आभार व्यक्त किया।

मौके पर वरीय अधिवक्ता मजहर अली खान, अनंत श्रीकृष्णा, महफूज आलम, इरफान आलम सहित संघ के पदाधिकारी, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में खेलप्रेमी मौजूद रहे।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button