
धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने मुंबई में आयोजित संसदीय स्थायी समिति के अध्ययन दौरे में भाग लिया। इस अवसर पर कोल इंडिया, नेयवेली लिग्नाइट और सेल जैसी देश की अग्रणी ऊर्जा कंपनियों की सक्रिय भागीदारी रही। बैठक में ऊर्जा क्षेत्र से जुड़े कई अहम विषयों पर विस्तार से चर्चा हुई जिसमें कोयला उत्पादन, ऊर्जा की आपूर्ति, पारंपरिक और वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का समन्वय जैसे मुद्दे शामिल थे। सांसद ढुलू महतो ने कहा कि इन विषयों पर ठोस और दूरदर्शी नीति निर्माण से देश को ऊर्जा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में नई गति मिलेगी।
बैठक के दूसरे सत्र में सांसद ढुलू महतो ने इंडियन ऑयल, गेल, ओएनजीसी, हिंदुस्तान पेट्रोलियम और भारत पेट्रोलियम जैसी प्रमुख सार्वजनिक तेल और गैस कंपनियों के चेयरमैन और वरिष्ठ अधिकारियों के साथ विचार-विमर्श किया। इस दौरान सांसद श्री महतो का इन प्रतिष्ठित संस्थानों के शीर्ष नेतृत्व एवं अधिकारियों द्वारा सामूहिक रूप से स्वागत और सम्मान भी किया गया।
बैठक के दौरान हरित ऊर्जा (ग्रीन एनर्जी) के भविष्य, ऊर्जा संसाधनों की स्थिरता और तकनीकी नवाचार के माध्यम से ऊर्जा उत्पादन को और अधिक सुलभ एवं पर्यावरण अनुकूल बनाए जाने पर चर्चा हुई। सांसद ढुलू महतो ने विशेष रूप से झारखंड में गैस और तेल क्षेत्र की संभावनाओं पर ध्यान आकर्षित करते हुए कहा कि राज्य में ऊर्जा के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं जिन्हें केंद्र सरकार और संबंधित कंपनियों को मिलकर साकार करना चाहिए।
उन्होंने यह भी कहा कि यदि झारखंड में ऊर्जा अवसंरचना का विस्तार किया जाए तो न केवल राज्य को आर्थिक बल मिलेगा बल्कि स्थानीय युवाओं के लिए भी बड़े पैमाने पर रोज़गार के अवसर सृजित होंगे। सांसद श्री महतो ने बैठकों के दौरान सीएसआर फंड की भूमिका को अहम बताया। उन्होंने उपस्थित सभी कंपनियों के शीर्ष नेतृत्व से झारखंड राज्य में इसकी उपयोगिता और संभावनाओं से अवगत कराया। कहा कि, झारखंड में इसकी जरूरत है और कंपनियों को अपना सामाजिक दायित्वों को निभाते हुए झारखंड की जनता के प्रति इसे खर्च करने की आवश्यकता है।
ब्यूरो रिपोर्ट धनबाद.



