धनबाद नगर निगम चुनाव: पुलिस अलर्ट मोड में, एसपी प्रभात कुमार के निर्देश पर सघन एंटी–क्राइम अभियान..

धनबाद। नगर निगम चुनाव को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और भयमुक्त माहौल में संपन्न कराने के लिए धनबाद जिला पुलिस पूरी तरह सतर्क हो गई है। एसपी प्रभात कुमार के स्पष्ट निर्देश पर पूरे जिले में व्यापक स्तर पर सघन एंटी–क्राइम चेकिंग और विशेष जांच अभियान चलाया जा रहा है।
चुनाव को लेकर सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। शहर के प्रमुख चौराहों, भीड़भाड़ वाले बाजारों, बस स्टैंड, रेलवे स्टेशन और संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की गई है। संदिग्ध व्यक्तियों, दोपहिया और चारपहिया वाहनों की सघन तलाशी ली जा रही है। बिना कागजात चल रहे वाहनों पर कार्रवाई के साथ-साथ असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर भी पैनी नजर रखी जा रही है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, चुनाव के दौरान अफवाह, हिंसा, अवैध शराब की तस्करी, हथियारों की सप्लाई और किसी भी प्रकार की आपराधिक गतिविधि पर सख्ती से रोक लगाने के उद्देश्य से यह अभियान निरंतर जारी रहेगा। लगातार पेट्रोलिंग, नाकेबंदी और औचक जांच के माध्यम से कानून-व्यवस्था को पूरी तरह सुदृढ़ किया जा रहा है।
एसपी प्रभात कुमार ने स्पष्ट संदेश दिया है कि चुनावी माहौल को बिगाड़ने की कोशिश करने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी और किसी को भी बख्शा नहीं जाएगा। साथ ही आम नागरिकों से अपील की गई है कि वे किसी भी संदिग्ध गतिविधि की सूचना तुरंत पुलिस को दें, ताकि समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।
इस सघन अभियान से जहां आम नागरिकों में सुरक्षा का विश्वास मजबूत हुआ है, वहीं अपराधियों में पुलिस की सक्रियता का असर साफ दिखाई देने लगा है।
News 93 Live के लिए धनबाद से रवी भगत की रिपोर्ट.



