धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी..
एसपी प्रभात कुमार को ईमेल, परिसर खाली; डॉग स्क्वाड से जांच..

धनबाद : धनबाद कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद पुलिस-प्रशासन में हड़कंप मच गया। यह धमकी धनबाद के वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार को ईमेल के माध्यम से मिली, जिसके बाद सुरक्षा एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड में आ गईं।
एहतियात के तौर पर कोर्ट परिसर को तत्काल खाली कराया गया। सभी अधिवक्ताओं, न्यायालय कर्मियों और आम लोगों को सुरक्षित बाहर निकाला गया। पुलिस ने पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी है।
मौके पर बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वाड की टीम पहुंचकर सघन जांच में जुटी है। कोर्ट परिसर और आसपास के क्षेत्रों में तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार फिलहाल धमकी की सत्यता की जांच की जा रही है। लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और प्रशासन के निर्देशों का पालन करने की अपील की गई है। सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



