लोयाबाद में कचरा जलाने से फैल रहे प्रदूषण को लेकर मेयर संजीव सिंह से मिले रत्नेश कुमार..

धनबाद: लोयाबाद क्षेत्र में कचरा डंपिंग और प्लास्टिक जलाने से फैल रहे प्रदूषण के मुद्दे को लेकर अखिल भारतीय पिछड़ा वर्ग संघ के जिला अध्यक्ष रत्नेश कुमार ने बुधवार को संजीव सिंह से उनके आवास पर मुलाकात कर ज्ञापन सौंपा।
दिनांक 25 मार्च 2026 को हुई इस मुलाकात के दौरान रत्नेश कुमार ने बताया कि लोयाबाद वार्ड संख्या-8 अंतर्गत एकड़ा-बासुदेवपुर कोलियरी के जंगलों में Ramky Enviro Engineers Limited (रेमकी कंपनी) के ठेकेदार द्वारा पूरे धनबाद नगर निगम क्षेत्र का कचरा अवैध तरीके से गिराया जा रहा है। आरोप है कि कचरे में मौजूद प्लास्टिक को खुले में जलाया जा रहा है, जिससे भारी मात्रा में धुआं और दुर्गंध फैल रही है तथा स्थानीय लोग गंभीर प्रदूषण का शिकार हो रहे हैं।
ज्ञापन में यह भी उल्लेख किया गया कि सूखा और गीला कचरा अलग-अलग न गिराकर एक साथ डंप किया जा रहा है, जबकि नियमानुसार कचरे का पृथक्करण और रिसाइक्लिंग आवश्यक है। कचरे में आग लगाए जाने से जंगल क्षेत्र में रहने वाले जीव-जंतुओं और पक्षियों के जीवन पर भी खतरा उत्पन्न हो गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार हजारों हरे पेड़ कचरे से ढकते जा रहे हैं, जिससे पूरे लोयाबाद क्षेत्र का पर्यावरण संतुलन बिगड़ता जा रहा है।
रत्नेश कुमार ने अपने पत्र में यह भी आरोप लगाया कि ठेकेदार निजी लाभ के लिए कचरे से निकलने वाले उपयोगी सामानों को बेच देते हैं और शेष कचरे तथा प्लास्टिक को आग लगाकर नष्ट कर देते हैं, जिससे क्षेत्र में लगातार धुआं और दुर्गंध फैल रही है और ग्रामीणों का जीना मुहाल हो गया है।
इस दौरान संजीव सिंह ने मामले को गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों से जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि नगर निगम क्षेत्र में पर्यावरण और जनस्वास्थ्य से जुड़े मामलों में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा यदि नियमों का उल्लंघन पाया गया तो दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएँगे..
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



