मेमको मोड़ पर मूलभूत सुविधाओं की मांग तेज, यूथ फोर्स ने महापौर से की मुलाकात..

धनबाद: शहर के अत्यंत व्यस्त क्षेत्रों में शामिल मेमको मोड़ तथा विनोद बिहारी महतो कोलांचल विश्वविद्यालय के आसपास बढ़ती भीड़ और नागरिक सुविधाओं की कमी को लेकर यूथ फोर्स धनबाद ने महापौर से मुलाकात कर समस्याओं को प्रमुखता से उठाया।
यूथ फोर्स धनबाद के संस्थापक एवं अध्यक्ष अभिषेक विश्वकर्मा के नेतृत्व में प्रतिनिधिमंडल ने महापौर से शिष्टाचार मुलाकात कर बताया कि मेमको मोड़ और विश्वविद्यालय क्षेत्र में प्रतिदिन हजारों लोगों एवं दूर-दराज से आने वाले छात्रों की आवाजाही रहती है। इसके बावजूद यहां आवश्यक नागरिक सुविधाओं का अभाव बना हुआ है, जिससे आम नागरिकों और विद्यार्थियों को काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है।
मुलाकात के दौरान प्रतिनिधिमंडल ने विशेष रूप से यात्री शेड, सार्वजनिक शौचालय एवं स्वच्छ पेयजल की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित करने की मांग की। उन्होंने कहा कि इन मूलभूत सुविधाओं की उपलब्धता से न केवल यात्रियों और छात्रों को राहत मिलेगी, बल्कि क्षेत्र की स्वच्छता व्यवस्था और सार्वजनिक स्वास्थ्य में भी सुधार आएगा।
मेमको मोड़ और विश्वविद्यालय क्षेत्र शहर के महत्वपूर्ण यातायात और शैक्षणिक केंद्र के रूप में तेजी से विकसित हो रहे हैं। यहां सुविधाओं की कमी लंबे समय से स्थानीय लोगों और छात्रों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। ऐसे में सामाजिक संगठनों द्वारा इस मुद्दे को प्रशासन के समक्ष उठाया जाना क्षेत्र के समग्र विकास और नागरिक सुविधाओं के विस्तार की दिशा में एक सकारात्मक पहल मानी जा रही है।
इस अवसर पर यूथ फोर्स धनबाद के महासचिव शंकर पांडे, वरिष्ठ उपाध्यक्ष वीरेंद्र सिन्हा, सदस्य राजवीर रवानी, नरेश ठाकुर एवं आदित्य विश्वकर्मा भी उपस्थित रहे।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



