झरिया पुलिस ने,,फायरिंग की साजिश रच रहे चार अपराधियों को किया गिरफ्तार।..

झरिया : धनबाद पुलिस ने फायरिंग कर दहशत फैलाने की योजना बना रहे चार शातिर अपराधियों को गिरफ्तार किया है। शनिवार को झरिया थाना परिसर में आयोजित प्रेस वार्ता में सिटी एसपी ऋत्विक श्रीवास्तव ने बताया कि गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने समय रहते कार्रवाई कर एक बड़ी घटना को टाल दिया।
जानकारी के अनुसार, 8 मई की रात पुलिस को सूचना मिली थी कि झरिया थाना क्षेत्र में कुछ अपराधी किसी बड़ी वारदात और फायरिंग की योजना बना रहे हैं। इसके बाद विशेष छापामारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम ने राज प्लस टू विद्यालय के पास घेराबंदी कर चार अपराधियों को अवैध हथियारों के साथ गिरफ्तार कर लिया।
गिरफ्तार आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने उनके सहयोगी चन्द्रदेव राय को बरसाकोला से पकड़ा। वहीं एक अन्य आरोपी मुख्तार अंसारी के घर पर छापेमारी के दौरान अवैध हथियार और गोलियां बरामद हुईं, लेकिन वह मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस ने कार्रवाई के दौरान 3 अवैध पिस्टल, 1 देसी कट्टा, 15 जिंदा कारतूस, चोरी की 2 मोटरसाइकिलें और 4 स्मार्टफोन बरामद किए हैं। गिरफ्तार अपराधियों में राजेश शर्मा, विकास सिंह, विनोद रवानी और चन्द्रदेव राय शामिल हैं।
सिटी एसपी ने कहा कि अपराधी इलाके में फायरिंग कर भय का माहौल बनाना चाहते थे, लेकिन पुलिस की त्वरित कार्रवाई से उनकी योजना विफल कर दी गई। पुलिस अब गिरफ्तार अपराधियों के आपराधिक नेटवर्क और पुराने मामलों की जांच में जुटी है..
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



