महापौर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है।
नगर निगम बोर्ड बैठक में बड़े फैसले, जलजमाव से निपटने को खरीदी जाएंगी हाई-टेक मशीनें..

धनबाद नगर निगम की सामान्य बोर्ड बैठक में शहर की सफाई, जलजमाव, पानी संकट और सड़क सुरक्षा को लेकर कई अहम फैसलों पर मुहर लगी। महापौर संजीव सिंह की अध्यक्षता में हुई बैठक में आगामी मानसून को देखते हुए हाई-टेक जल निकासी मशीनें खरीदने की मंजूरी दी गई, ताकि बारिश के दौरान शहरवासियों को जलभराव से राहत मिल सके।
बैठक में आम जनता को राहत देते हुए होल्डिंग टैक्स में हुई 10 प्रतिशत वृद्धि को वापस लेने के लिए राज्य सरकार को प्रस्ताव भेजने का निर्णय लिया गया। वहीं जिन इलाकों में पानी की भारी किल्लत है, वहां नई पानी टंकियां लगाने और टैंकरों से नियमित जलापूर्ति सुनिश्चित करने का फैसला लिया गया।
इसके अलावा शहर में नई स्ट्रीट लाइटें लगाने, पोस्टमार्टम हाउस के पास शेड निर्माण, आरओ वाटर मशीन लगाने और भारी वाहनों की टोइंग के लिए विशेष क्रेन खरीदने के प्रस्तावों को भी मंजूरी दी गई। प्रधानमंत्री आवास योजना (शहरी) के तहत 851 लाभुकों के चयन को भी सदन ने स्वीकृति दी।
महापौर संजीव सिंह ने कहा कि नगर निगम की सबसे बड़ी प्राथमिकता शहर की सफाई व्यवस्था को मजबूत करना है और हर वार्ड में सफाई कर्मियों की संख्या बढ़ाई जाएगी।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



