Breaking

सांसद ढुलू महतो के प्रयासों से तालागड़िया रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार*

Https://news93live.com/

*रेल मंत्रालय ने सांसद द्वारा उठाए गए विषय पर दी जानकारी, क्षेत्र में रेल सुविधाओं के विस्तार की दिशा में महत्वपूर्ण पहल*

धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो द्वारा लोकसभा में उठाए गए विषय के संदर्भ में रेल मंत्रालय ने तालागड़िया रेलवे स्टेशन के विकास को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी साझा की है। रेल एवं खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्य मंत्री रवनीत सिंह ने पत्र के माध्यम से बताया है कि झारखंड के तालागड़िया रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने के प्रस्ताव पर विचार किया जा रहा है।

उल्लेखनीय है कि सांसद ढुलू महतो ने दिनांक 17 दिसंबर 2025 को लोकसभा में नियम 377 के अंतर्गत यह मुद्दा उठाते हुए तालागड़िया रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने तथा दिल्ली और ओडिशा के बीच संचालित ट्रेनों का ठहराव सुनिश्चित करने की मांग की थी। इस विषय पर रेल मंत्रालय द्वारा जांच कर कार्रवाई की गई है।

रेल मंत्रालय ने अपने उत्तर में बताया है कि तालागड़िया स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने का प्रस्ताव विचाराधीन है। इस प्रस्ताव के अंतर्गत यात्रियों की संख्या, यातायात के रुझान, स्टेशन की आय तथा भविष्य की आवश्यकताओं का मूल्यांकन किया जा रहा है, ताकि क्षेत्र की जरूरतों के अनुरूप विकास कार्यों की योजना बनाई जा सके।

मंत्रालय के अनुसार वर्तमान में तालागड़िया रेलवे स्टेशन पर चार ट्रेन सेवाएं उपलब्ध हैं। इसके अतिरिक्त लगभग 12 किलोमीटर दूर स्थित भोजूडीह रेलवे स्टेशन के माध्यम से आनंद विहार–पुरी नंदनकानन एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 12815/12816) से दिल्ली और भुवनेश्वर के लिए रेल संपर्क उपलब्ध है। वहीं भोजूडीह–महुदा–बोकारो सेक्टर में भी दो जोड़ी ट्रेन सेवाएं संचालित हो रही हैं।

रेल मंत्रालय ने यह भी स्पष्ट किया है कि भारतीय रेल में किसी स्टेशन पर ट्रेनों का ठहराव यात्रियों की संख्या, यातायात की आवश्यकता, परिचालनिक व्यवहार्यता तथा अन्य तकनीकी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए निर्धारित किया जाता है।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद और आसपास के क्षेत्रों में बेहतर रेल संपर्क और यात्री सुविधाओं का विस्तार उनकी प्राथमिकताओं में शामिल है। तालागड़िया रेलवे स्टेशन को सैटेलाइट स्टेशन के रूप में विकसित करने से क्षेत्र के लोगों को आवागमन में बड़ी सुविधा मिलेगी तथा क्षेत्र के विकास को भी नई गति प्राप्त होगी।

सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद संसदीय क्षेत्र के विकास से जुड़े हर महत्वपूर्ण मुद्दे को वे संसद में मजबूती के साथ उठाते रहेंगे और क्षेत्र की जनता को बेहतर बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए निरंतर प्रयासरत रहेंगे।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button