Breaking

रेलवे बोर्ड की बैठक में सांसद ढुलू महतो ने धनबाद की रेल एवं जनसुविधाओं से जुड़े 18 प्रमुख मुद्दे उठाए*

Https://news93live.com/

*सोनारडीह-लीलोरी स्थान रेलवे फाटक पर स्थायी समाधान, नई ट्रेनों का परिचालन, स्टेशन विकास, ओवरब्रिज, अंडरपास एवं यात्री सुविधाओं को लेकर रेलवे बोर्ड से की त्वरित कार्रवाई की मांग*

धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो ने बुधवार को मंडल रेल प्रबंधक कार्यालय में रेलवे बोर्ड की महत्वपूर्ण बैठक में धनबाद लोकसभा क्षेत्र से जुड़े रेल परिचालन, यात्री सुविधाओं, आधारभूत संरचना एवं जनहित के कुल 18 महत्वपूर्ण मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। बैठक के दौरान सांसद ने रेलवे बोर्ड के वरिष्ठ अधिकारियों के समक्ष क्षेत्र की लंबे समय से लंबित समस्याओं और जनता की अपेक्षाओं को विस्तार से रखा तथा शीघ्र समाधान की मांग की।

बैठक में सांसद ढुलू महतो ने विशेष रूप से सोनारडीह एवं लीलोरी स्थान रेलवे फाटक पर वर्षों से चली आ रही जाम की गंभीर समस्या को प्रमुखता से उठाया। उन्होंने अधिकारियों को बताया कि इन दोनों रेलवे फाटकों पर प्रतिदिन लंबा जाम लगता है, जिससे हजारों आम नागरिकों, छात्रों, मरीजों, व्यापारियों एवं कर्मचारियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ता है।

उन्होंने कहा कि लगातार रेल परिचालन के कारण रेलवे फाटक लंबे समय तक बंद रहता है, जिससे सड़क यातायात पूरी तरह बाधित हो जाता है। कई बार एंबुलेंस एवं अग्निशमन जैसे आपातकालीन वाहनों को भी कठिनाई होती है। सांसद ने इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए सोनारडीह एवं लीलोरी स्थान रेलवे फाटक पर रेलवे ओवरब्रिज (ROB) अथवा रेलवे अंडरपास (RUB) के निर्माण की दिशा में शीघ्र कार्रवाई करने की मांग की। साथ ही चार लेन सड़क के अनुरूप रेलवे क्रॉसिंग के चौड़ीकरण की आवश्यकता पर भी बल दिया।

बैठक के दौरान सांसद ने प्रधानखंटा जंक्शन के क्षतिग्रस्त फ्लाइओवर ब्रिज की शीघ्र मरम्मत एवं संचालन, धनबाद के मिठू रोड अंडरपास, कुमारधुबी स्टेशन पर ट्रेन ठहराव सहित क्षेत्र की अन्य महत्वपूर्ण आधारभूत परियोजनाओं को भी प्राथमिकता देने का आग्रह किया।

*रेलवे बोर्ड की बैठक में सांसद ढुलू महतो द्वारा उठाए गए प्रमुख मुद्दे :*

*1.* 03309/03310 धनबाद–दिल्ली स्पेशल ट्रेन का नियमितीकरण, सुपरफास्ट सेवा का दर्जा तथा श्री माता वैष्णो देवी कटरा तक विस्तार। सांसद ने बताया कि अप्रैल–मई 2026 के दौरान मात्र 14 फेरों में इस ट्रेन से 18,991 यात्रियों ने यात्रा की तथा 2.15 करोड़ रुपये से अधिक का राजस्व प्राप्त हुआ।

*2.* धनबाद–बोकारो–रांची–राउरकेला–तिरुपति–काटपाड़ी–बेंगलुरु सुपरफास्ट सेवा शुरू करने तथा 06563/06564 सेवा का नियमितीकरण, जिससे लगभग 14 घंटे यात्रा समय की बचत होगी।

*3.* धनबाद–कोडरमा–पटना–आरा–बक्सर नई रात्रिकालीन एक्सप्रेस ट्रेन का परिचालन, जिससे गंगा-दामोदर एक्सप्रेस पर यात्रियों का दबाव कम होगा।

*4.* धनबाद–कोडरमा–हजारीबाग टाउन–मेसरा/रांची मार्ग पर प्रतिदिन सुबह 6:30 बजे नई MEMU ट्रेन का परिचालन।

*5.* गोमो–धनबाद–जसीडीह के बीच सुबह 6:00 बजे एवं दोपहर 2:30 बजे नई MEMU सेवाओं का संचालन।

*6.* 13379/13380 धनबाद–लोकमान्य तिलक टर्मिनस (LTT) एक्सप्रेस की समय-सारणी का युक्तिकरण, जिससे 5 से 6 घंटे तक यात्रा समय कम किया जा सके तथा पैंट्रीकार की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।

*7.* धनबाद जंक्शन को Coaching Terminal Capacity Expansion Plan–2030 के अंतर्गत मेगा कोचिंग टर्मिनल/हब के रूप में शामिल करते हुए कॉन्सेप्ट प्लान एवं फाइनल लोकेशन सर्वे (FLS) की स्वीकृति।

*8.* 13301/13302 स्वर्णरेखा एक्सप्रेस की समय-सारणी का युक्तिकरण तथा धनबाद–आद्रा खंड में पुश-पुल प्रणाली लागू करने की मांग, जिससे लगभग 122 मिनट की समय बचत संभव होगी।

*9.* धनबाद–चंद्रपुरा पैसेंजर ट्रेन के फेरों में वृद्धि, मेसरा तक विस्तार तथा धनबाद–बोकारो स्टील सिटी के बीच अतिरिक्त फेरा।

*10.* 13331/13332 धनबाद–पटना इंटरसिटी एक्सप्रेस का कुमारधुबी स्टेशन पर ठहराव।

*11.* आसनसोल–धनबाद रात्रिकालीन MEMU सेवा (पूर्व 63551/63552) का पुनः संचालन।

*12.* धनबाद/हावड़ा–गया वंदे भारत एक्सप्रेस का विस्तार पटना तक।

*13.* रेलवे कॉलोनियों में सफाई, नालियों, बिजली एवं जर्जर आवासों की स्थिति में सुधार तथा पिछले तीन वर्षों में हुए कार्यों एवं व्यय का विवरण उपलब्ध कराने की मांग।

*14.* धनबाद स्टेशन के दक्षिणी छोर पर मार्ग एवं मैदान की नियमित सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा असामाजिक तत्वों पर प्रभावी नियंत्रण।

*15.* धनबाद रेलवे स्टेशन पर महिला एवं पुरुष शौचालयों की पर्याप्त उपलब्धता तथा यूरिनल की निःशुल्क व्यवस्था।

*16.* भूली स्टेशन के समीप निर्माणाधीन रेलवे ओवरब्रिज के साथ संपर्क पथ एवं अंडरपास का निर्माण।

*17.* प्रधानखंटा जंक्शन के क्षतिग्रस्त फ्लाइओवर ब्रिज को शीघ्र चालू करने तथा प्लेटफॉर्म तक पहुंचने के लिए उचित डायवर्जन मार्ग की व्यवस्था।

*18.* सोनारडीह एवं लीलोरी स्थान रेलवे क्रॉसिंग का चार लेन सड़क के अनुरूप चौड़ीकरण एवं स्थायी समाधान सुनिश्चित करना।

बैठक के दौरान रेलवे बोर्ड के अधिकारियों ने सांसद द्वारा उठाए गए सभी विषयों को गंभीरता से सुना तथा तकनीकी एवं प्रशासनिक स्तर पर उनकी समीक्षा कर आवश्यक कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।

बैठक के बाद सांसद ढुलू महतो ने कहा कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र के विकास, बेहतर रेल सुविधाओं और जनता की मूलभूत समस्याओं का समाधान उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि रेलवे मंत्रालय एवं रेलवे बोर्ड इन मांगों पर सकारात्मक निर्णय लेकर क्षेत्र की जनता को बड़ी राहत प्रदान करेंगे।

सांसद ने कहा कि वे जनहित से जुड़े प्रत्येक विषय को पूरी मजबूती के साथ संसद, रेलवे मंत्रालय एवं संबंधित विभागों के समक्ष लगातार उठाते रहेंगे, ताकि धनबाद लोकसभा क्षेत्र को आधुनिक, सुरक्षित और सुविधाजनक रेल सेवाएं उपलब्ध हों तथा क्षेत्र का समग्र विकास सुनिश्चित किया जा सके।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button