पॉलिटेक्निक की चहारदीवारी निर्माण कार्य बना मुसीबत! पाइपलाइन टूटने से हजारों परिवार हुए परेशान!

धनबाद: पॉलिटेक्निक में एक लापरवाही ने पांडरपाला के हजारों लोगों की परेशानी बढ़ा दी। राजकीय पॉलिटेक्निक कॉलेज की चहारदीवारी निर्माण के दौरान जेसीबी से पेयजल की मुख्य पाइपलाइन क्षतिग्रस्त हो गई, जिससे हजारों लीटर पानी सड़क पर बह रहा है। आरोप है कि घटना की सूचना संबंधित विभागों को तुरंत दे दी गई थी, लेकिन घंटों बाद भी पाइपलाइन की मरम्मत नहीं हुई और पानी लगातार बर्बाद होता रहा।
धनबाद विधायक राज सिन्हा के मीडिया प्रतिनिधि पंकज सिन्हा ने इस मामले को गंभीर लापरवाही बताते हुए कहा कि हजारों परिवारों की पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई और कई इलाकों में लोगों को पानी के लिए परेशानी झेलनी पड़ी। उन्होंने दोषी संवेदक पर कड़ी कानूनी कार्रवाई, क्षतिग्रस्त पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
इस घटना के बाद क्षेत्र में लोगों में नाराजगी है और सवाल उठ रहे हैं कि पानी जैसी अमूल्य संपदा की इतनी बड़ी बर्बादी का जिम्मेदार कौन है?
News 93 Live न्यूज़ डेस्क



