बलियापुर हीरक रोड पर ट्रक की चपेट में आने से 9वीं की छात्रा की मौत, मुआवजे की मांग को लेकर सड़क जाम*

*धनबाद:* बलियापुर-धनबाद हीरक रोड पर शनिवार शाम एक दर्दनाक हादसे में डी-नोबिली स्कूल, सिंदरी की 9वीं की छात्रा पाखी मंडल, 15 की मौत हो गई। पहाड़पुर स्थित प्रजन्य बीएड कॉलेज के पास कोयला लदे एलपी ट्रक ने पीछे से बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में छात्रा के पिता रंजीत मंडल घायल हो गए।
जानकारी के अनुसार शाम करीब 7:30 बजे पाखी ट्यूशन पढ़कर पिता के साथ बाइक से आमझर स्थित घर लौट रही थी। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार में आ रहे कोयला लदे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी।
*टक्कर के बाद पाखी* सड़क पर गिर गई और ट्रक के पहिए की चपेट में आने से उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन छोड़कर फरार हो गया।
*मुआवजे को लेकर लगा जाम, ट्रक में तोड़फोड़*
घटना की खबर फैलते ही भाजपा नेत्री तारा देवी, आमझर मुखिया धर्मेंद्र रवानी, भिखराजपुर मुखिया दिलीप महतो सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंचे।
बलियापुर थाना प्रभारी सत्यजीत कुमार ने समझाने का प्रयास किया, लेकिन आक्रोशित ग्रामीणों ने मुआवजे की मांग को लेकर हीरक रोड जाम कर दिया। इस दौरान लोगों ने दुर्घटना करने वाले ट्रक में तोड़फोड़ भी की। कुछ देर माहौल तनावपूर्ण रहा, बाद में लोगों की समझदारी से स्थिति नियंत्रित हुई।
परिवार का बुरा हाल*
पाखी आमझर गांव निवासी रंजीत मंडल की इकलौती बेटी थी। उसका एक बड़ा भाई भी है। बेटी की असामयिक मौत के बाद परिवार का रो-रोकर बुरा हाल_ है।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और फरार ट्रक चालक की तलाश शुरू कर दी है।
रोड पर कोयला लदे वाहनों की तेज रफ्तार और ओवरलोडिंग से हादसे लगातार बढ़ रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सख्त कार्रवाई और सड़क सुरक्षा के इंतजाम की मांग की है।



