धनबाद पुलिस की बड़ी कार्रवाई, लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस के साथ अपराध की साजिश रचते युवक को धर दबोचा..

धनबाद : धनबाद पुलिस ने अपराध की साजिश रच रहे एक युवक को अवैध हथियार के साथ गिरफ्तार कर बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने आरोपी के पास से एक लोडेड पिस्टल और तीन जिंदा कारतूस बरामद किए हैं, जबकि उसका एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। मामले की जानकारी गुरुवार को डीएसपी लॉ एंड ऑर्डर प्रकाश सोय ने प्रेस वार्ता में दी।
डीएसपी प्रकाश सोय ने बताया कि 15 जुलाई की शाम करीब 7:30 बजे गुप्त सूचना मिली थी कि हीरक रोड स्थित आठ लेन सड़क के पास भुचुंगटांड़ के एक बंद मकान के समीप दो युवक किसी बड़ी आपराधिक घटना को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना के सत्यापन के बाद वरीय पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर विशेष छापेमारी दल का गठन किया गया। पुलिस टीम के पहुंचते ही दोनों युवक भागने लगे। इस दौरान भागते समय मोनू कुमार यादव गिर गया, जिसे पुलिस ने मौके पर ही दबोच लिया, जबकि उसका साथी अंधेरे का लाभ उठाकर फरार हो गया।
गिरफ्तार आरोपी की तलाशी लेने पर उसकी कमर से एक अवैध लोडेड पिस्टल बरामद हुई। पिस्टल की मैगजीन से KF 7.65 बोर के तीन जिंदा कारतूस भी बरामद किए गए। बरामद हथियार पर “MADE IN USA” अंकित है। आरोपी हथियार से संबंधित कोई वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सका। पूछताछ में उसने फरार साथी की पहचान ईस्ट बसुरिया निवासी चिरकुट संजय के रूप में की है। पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार मोनू कुमार यादव वर्ष 2025 में भी आर्म्स एक्ट के एक मामले में जेल जा चुका है।
इस संबंध में भूली ओपी थाना में कांड संख्या 113/26 दर्ज कर आर्म्स एक्ट की विभिन्न धाराओं के तहत मामला दर्ज किया गया है। फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। पुलिस का कहना है कि जिले में अपराध और अवैध हथियार के खिलाफ अभियान आगे भी इसी तरह जारी रहेगा।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



