स्वर्ण समाज के नेताओं की बैठक में यूजीसी कानून वापस लेने और आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग..

1 सितंबर को जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक निकलेगा विशाल आक्रोश मार्च.
धनबाद : बुधवार को राजपूत विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह के आवास पर स्वर्ण समाज के विभिन्न नेताओं की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में यूजीसी कानून को वापस लेने तथा आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर देशभर में चल रहे आंदोलन का समर्थन किया गया।
बैठक में निर्णय लिया गया कि इन मांगों के समर्थन में 1 सितंबर, मंगलवार को सुबह 11 बजे जिला परिषद मैदान से रणधीर वर्मा चौक तक विशाल आक्रोश मार्च निकाला जाएगा। मार्च के बाद उपायुक्त के माध्यम से राष्ट्रपति के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
राजपूत विचार मंच के केंद्रीय अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि यूजीसी कानून युवाओं के भविष्य के लिए नुकसानदायक है और इसे वापस लिया जाना चाहिए। उन्होंने आरक्षण का आधार आर्थिक स्थिति को बनाने की मांग करते हुए कहा कि संपन्न परिवारों को आरक्षण का लाभ मिल रहा है, जबकि गरीब परिवार इससे वंचित रह जा रहे हैं।
कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह ने कहा कि राजपूत समाज का इतिहास बलिदान और सामाजिक योगदान का रहा है। समाज ने देश और समाज के लिए अपनी विरासत तक दान की है। उन्होंने कहा कि समाज अपने अधिकारों के लिए संघर्ष करता रहा है और आगे भी करता रहेगा।
समाजसेवी विजय झा ने आरक्षण व्यवस्था में सुधार की मांग करते हुए कहा कि वर्तमान व्यवस्था में कई स्तरों पर असमानता दिखाई देती है। वहीं सुरेश तिवारी ने कहा कि समाज इस मुद्दे को लेकर आंदोलन करेगा। जरूरत पड़ी तो चरणबद्ध आंदोलन चलाकर सरकार तक अपनी आवाज पहुंचाई जाएगी।
बैठक में राजपूत विचार मंच के अध्यक्ष अरुण कुमार सिंह, कार्यकारी अध्यक्ष अरविंद कुमार सिंह, महासचिव एस.के. सिंह, समाजसेवी विजय झा, ब्राह्मण समाज के जिलाध्यक्ष नागेंद्र शुक्ला, प्रदेश महासचिव सुरेश तिवारी, संरक्षक सह समाजसेवी उदय प्रताप सिंह, समाजसेवी तारा पाठक, कायस्थ समाज के मनोज श्रीवास्तव, उमेश सिंह, डॉ. नीलेश, विशु सिंह, गजेंद्र सिंह, शशि भूषण सिंह, मुकेश सिंह, महिप सिंह, लल्लू सिंह, प्रमोद सिंह, नवल राय, सुकुमार झा, संदीप कुमार, विवेक सिंदे सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।
बैठक में उपस्थित नेताओं ने स्वर्ण समाज के लोगों से 1 सितंबर को होने वाले आक्रोश मार्च में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होकर आंदोलन को मजबूती प्रदान करने की अपील की।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



