युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027” का आयोजन..

धनबाद : युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार के तत्वावधान में मेरा युवा भारत (MY Bharat) द्वारा राष्ट्रीय युवा महोत्सव 2027 के अंतर्गत “विकसित भारत यंग लीडर डायलॉग 2027” का आयोजन किया जा रहा है। इस संबंध में श्री सूर्यकांत कुमार, उप निदेशक, माय भारत, धनबाद ने बताया कि इस कार्यक्रम का प्रथम चरण “विकसित भारत प्रश्नोत्तरी (Viksit Bharat Quiz)” प्रतियोगिता है, जो MY Bharat पोर्टल (www.mybharat.gov.in) पर आयोजित किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता देशभर के युवाओं (आयु 15 से 29 वर्ष) को विकसित भारत @2047 की परिकल्पना से जोड़ने, उनमें जिज्ञासा एवं नेतृत्व क्षमता का विकास करने तथा राष्ट्रीय मंच पर अपने विचार रखने का अवसर प्रदान करने के उद्देश्य से आयोजित की जा रही है।
विकसित भारत क्विज में भागीदारी निःशुल्क है। क्विज 20 बहुविकल्पीय प्रश्नों पर आधारित है और प्रतिभागियों को इसे पूरा करने के लिए 10 मिनट का समय होता है। क्विज में भाग लेने की अंतिम तिथि 30 सितम्बर 2026 है।
क्विज में चयनित प्रतिभागियों को आगे निबंध लेखन, जिला स्तरीय प्रस्तुतीकरण, राज्य स्तरीय VBYLD तथा राष्ट्रीय संवाद के विभिन्न चरणों में आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा। राष्ट्रीय स्तर पर चयनित युवा 10 से 12 जनवरी 2027 को नई दिल्ली में आयोजित VBYLD 2027 में भाग लेंगे। राष्ट्रीय स्तर पर युवाओं को विशेषज्ञों, केंद्रीय मंत्रियों एवं अन्य गणमान्य व्यक्तियों के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर मिलेगा तथा क्षेत्रीय फाइनलिस्टों को माननीय प्रधानमंत्री जी के समक्ष अपने विचार प्रस्तुत करने का अवसर प्राप्त होगा। यह प्रतियोगिता युवाओं को अपनी प्रतिभा दिखाने, राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाने और विकसित भारत की दिशा में सार्थक योगदान देने का एक सशक्त मंच प्रदान करती है।
माय भारत, धनबाद के उप निदेशक ने जिले में विकसित भारत यंग लीडर्स डायलॉग 2027 के व्यापक प्रचार-प्रसार एवं युवाओं की अधिकाधिक भागीदारी की अपील की।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



