मेरी डिग्री का क्या? अभियान के तहत बेरोजगारी पर युवा कांग्रेस का हमला, रिक्त पद भरने की मांग..

धनबाद : प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर झारखंड प्रदेश युवा कांग्रेस ने बेरोजगारी और सरकारी नौकरियों में रिक्त पदों के मुद्दे को लेकर प्रेस कॉन्फ्रेंस की। हाउसिंग कॉलोनी स्थित कांग्रेस कार्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में प्रदेश युवा कांग्रेस अध्यक्ष कुमार गौरव ने केंद्र और राज्य सरकार पर युवाओं के रोजगार के मुद्दे को लेकर सवाल उठाए।
कुमार गौरव ने दावा किया कि देश में 50.58 लाख से अधिक सरकारी पद खाली हैं और बड़ी संख्या में युवा रोजगार की तलाश में हैं। उन्होंने कहा कि एक ओर प्रधानमंत्री के जन्मदिन पर कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं, वहीं दूसरी ओर रोजगार की तलाश कर रहे युवाओं की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान देने की जरूरत है।
झारखंड का जिक्र करते हुए कुमार गौरव ने दावा किया कि राज्य में करीब 1.65 लाख सरकारी पद रिक्त हैं। उन्होंने भर्ती परीक्षाओं में कथित पेपर लीक और प्रशासनिक लापरवाही का मुद्दा उठाते हुए कहा कि इससे प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं में निराशा पैदा हो रही है। उन्होंने कहा कि गरीब परिवार अपने बच्चों की पढ़ाई के लिए मेहनत करते हैं, लेकिन डिग्री हासिल करने के बाद भी रोजगार की चुनौती बनी हुई है।
युवा कांग्रेस अध्यक्ष ने बताया कि इसी मुद्दे को लेकर भारतीय युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भान चिब के नेतृत्व में ‘मेरी डिग्री का क्या?’ अभियान चलाया जा रहा है। अभियान के तहत सरकारी विभागों में रिक्त पदों को भरने की मांग को लेकर प्रधानमंत्री और मुख्यमंत्री आवास के घेराव, नौकरी मार्च तथा गांवों तक जागरूकता अभियान चलाने की बात कही गई है।
कुमार गौरव ने कहा कि युवाओं के रोजगार से जुड़े मुद्दों को लेकर युवा कांग्रेस आगे भी अपनी आवाज उठाती रहेगी। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि रिक्त पदों को भरने की दिशा में जल्द ठोस कदम नहीं उठाए गए, तो आने वाले समय में आंदोलन को और व्यापक किया जाएगा।
प्रेस कॉन्फ्रेंस में युवा कांग्रेस नेताओं ने रोजगार, भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और सरकारी रिक्तियों को समयबद्ध तरीके से भरने की मांग रखी।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



