शिक्षा विभाग में भ्रष्टाचार के खिलाफ निरसा विधायक अरूप चटर्जी का अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू..

धनबाद : शिक्षा विभाग में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार, अनियमितताओं तथा शिक्षकों और कर्मियों की समस्याओं को लेकर निरसा विधायक अरूप चटर्जी ने मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के समक्ष अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल शुरू कर दी। विधायक ने आरोप लगाया कि शिक्षा विभाग में लंबे समय से भ्रष्टाचार का बोलबाला है, जिसके कारण छात्रों, शिक्षकों और आम जनता को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
भूख हड़ताल पर बैठते हुए विधायक अरूप चटर्जी ने कहा कि विभाग में व्याप्त भ्रष्टाचार और मनमानी के खिलाफ कई बार संबंधित अधिकारियों से शिकायत की गई, लेकिन अब तक कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने कहा कि जब तक भ्रष्टाचार के मामलों की निष्पक्ष जांच और दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई नहीं होती, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
विधायक ने आरोप लगाया कि शिक्षा व्यवस्था को बेहतर बनाने के बजाय कुछ अधिकारी निजी स्वार्थों के लिए कार्य कर रहे हैं, जिससे सरकारी विद्यालयों की स्थिति प्रभावित हो रही है। उन्होंने सरकार और जिला प्रशासन से अविलंब हस्तक्षेप कर शिक्षा विभाग की कार्यप्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की।
भूख हड़ताल के समर्थन में बड़ी संख्या में समर्थक, सामाजिक कार्यकर्ता और स्थानीय नागरिक भी उपायुक्त कार्यालय परिसर पहुंचे। आंदोलनकारियों ने भ्रष्टाचार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई।
इस दौरान प्रशासनिक अधिकारियों की ओर से आंदोलनकारियों से वार्ता का प्रयास किया गया। हालांकि विधायक ने स्पष्ट किया कि जब तक उनकी मांगों पर ठोस पहल नहीं होती, तब तक उनका अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल जारी रहेगा।
विधायक के इस कदम से जिले की राजनीति और शिक्षा व्यवस्था को लेकर बहस तेज हो गई है। अब सबकी निगाहें जिला प्रशासन और राज्य सरकार की आगामी कार्रवाई पर टिकी हैं।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



