हरिना बाजार में सियासी महाभिड़ंत! सांसद ढुलू महतो और झामुमो नेता कारू यादव के बेटों में भिड़ंत, एक घंटे तक रणक्षेत्र बना बाजार, पुलिस से भी धक्का-मुक्की!

धनबाद के हरिना बाजार में शुक्रवार की शाम गाड़ी पासिंग को लेकर शुरू हुआ विवाद देखते ही देखते हाई वोल्टेज हंगामे में बदल गया। मामला तब और गरमा गया, जब आमने-सामने आए दो वाहनों में एक पर धनबाद सांसद ढुलू महतो के पुत्र प्रशांत कुमार सवार थे, जबकि दूसरी ओर झामुमो नेता कारू यादव के पुत्र विनोद यादव थे।
दोनों पक्षों के बीच पहले कहासुनी हुई, लेकिन देखते ही देखते विवाद बढ़ गया। इसकी खबर मिलते ही दोनों ओर से समर्थक मौके पर जुटने लगे। देखते ही देखते हरिना बाजार में तनावपूर्ण स्थिति पैदा हो गई। विवाद के कारण हरिना–गोमो मुख्य मार्ग पर करीब एक घंटे तक आवागमन पूरी तरह प्रभावित रहा। सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और राहगीरों तथा स्थानीय लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
हंगामे की सूचना मिलते ही बाघमारा और बरोरा थाने की पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थिति को नियंत्रित करने और दोनों पक्षों को शांत कराने का प्रयास किया। इस दौरान समर्थकों और पुलिस के बीच धक्का-मुक्की भी हुई। काफी मशक्कत के बाद पुलिस ने दोनों पक्षों को मौके से हटाया और हालात सामान्य कराए।
आखिरकार रात करीब नौ बजे हरिना–गोमो मुख्य मार्ग पर यातायात फिर से बहाल हो सका। फिलहाल इस घटना ने इलाके में राजनीतिक हलचल तेज कर दी है। गाड़ी पासिंग जैसे मामूली विवाद से शुरू हुआ मामला दो राजनीतिक परिवारों से जुड़े लोगों के आमने-सामने आने के कारण चर्चा का विषय बन गया है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



