
रांची(RANCHI): भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा का निधन हो गया. सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद उन्हें रांची के राजेंद्र इंस्टीट्यूट ऑफ मेडिकल साइंसेज (रिम्स) में भर्ती कराया गया था. मंगल मुंडा ने गुरुवार की देर रात अंतिम सांस ली. उनके भाई कानू मुंडा ने फेसबुकपर यह जानकारी साझा की है….
मंगल मुंडा के छोटे भाई ने फेसबुक पर लिखा पोस्ट
मंगल मुंडा के भाई कानू मुंडा ने शुक्रवार को फेसबुक पर एक पोस्ट किया और अपने बड़े भाई के निधन की सूचना साझा की. कानू मुंडा ने लिखा, ‘धरती आबा भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा मेरे बड़े भाई आज 29.11.2024 की रात को लगभग 12:30 बजे हमारे बीच नहीं रहे.’ सर्वकालिक आदिवासी नायक बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा की उम्र 45 साल थी. दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल मंगल मुंडा का निधन कार्डियोवैस्कुलर फेल्योर की वजह से हुआ है…
हेमंत सोरेन ने मंगल मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया
मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने मंगल मुंडा के निधन पर शोक व्यक्त किया है. उन्होंने सोशल मीडिया साइट ‘एक्स’ पर शुक्रवार को लिखा, ‘रिम्स में इलाजरत भगवान बिरसा मुंडा के वंशज मंगल मुंडा के निधन की खबर से अत्यंत दुखी हूं. मरांग बुरु दिवंगत आत्मा को शांति प्रदान कर शोकाकुल परिवारजनों को दुःख सहन करने की शक्ति दें.
ब्यूरो रिपोर्ट रांची.



