कतरास में अवैध खनन से बढ़ते भू-धसान पर चिंता, समाधान हेतु प्रेस वार्ता आयोजित..

कतरास, 21 सितंबर को भारतीय क्लब कतरासगढ़ में “कतरास कोयलांचल में भू-धसान : कारण एवं निदान” विषय पर एक परिचर्चा आयोजित की जाएगी, जिसकी पूर्व सूचना देने हेतु शुक्रवार को कतरास नागरिक मंच द्वारा प्रेस वार्ता की गई। समाजसेवी एवं पूर्व बियाडा अध्यक्ष विजय कुमार झा ने इस अवसर पर कहा कि क्षेत्र में अवैध खनन के चलते रोजाना भू-धसान और जमीन धंसने की घटनाएं हो रही हैं, जिससे आमजन की जान जोखिम में पड़ रही है।
श्री झा ने बीसीसीएल, डीजीएमएस और जिला प्रशासन की मिलीभगत को इस संकट का मुख्य कारण बताया और “CISF हटाओ, BCCL बचाओ” का नारा दिया। उन्होंने माइंस एक्ट की धारा 128 को लागू करने, खनन के बाद भूमि समतलीकरण और अवैध परिवहन पर रोक लगाने की मांग की।
उन्होंने समाधान के लिए कई सुझाव भी प्रस्तुत किए:
कोयला ढोने वाले वाहनों में GPS लगाना अनिवार्य किया जाए।
BCCL कोयला चोरी की सूचना देने हेतु टोल फ्री नंबर जारी करे।
सूचना देने वालों को ₹10,000 या चोरी की कुल कीमत का 5% इनाम दिया जाए।
अवैध खनन क्षेत्र में स्थानीय ग्रामीणों को वालंटियर के रूप में जोड़ा जाए।
DGMS भूमिगत सर्वे कर श्वेत पत्र जारी करे।
GM और प्रोजेक्ट ऑफिसर की जवाबदेही तय हो तथा दोषी अधिकारियों पर कार्रवाई हो।
चोरी के कोयले को रखने वाले गोदामों व फैक्ट्रियों को सील किया जाए।
खनन क्षेत्रों में ड्रोन से निगरानी शुरू की जाए।
ईमानदारी से कार्यरत पुलिस व BCCL अधिकारियों का सार्वजनिक सम्मान किया जाए।
जिला परिषद अध्यक्ष शारदा सिंह ने भी अवैध खनन को लेकर चिंता जताई और कहा कि इससे रोजाना लोगों की जान जा रही है। उन्होंने उत्पादन और परिवहन से जुड़े सभी जिम्मेदार लोगों पर कानूनी कार्रवाई की मांग की।
इस कार्यक्रम में अशोक प्रकाश लाल, उदय सिंह, बिनय सिंह, सुभाष बंसल, प्रभात मिश्रा, शंकर चौहान, अनुज सिन्हा उर्फ पलटू, सौकत खान, बिनोद सिंह, बलराम महतो, रामदास, अश्रु सिंह, सचिदानंद यादव समेत कई गणमान्य लोग उपस्थित थे।.
News 93 Live से मुकेश सिंह की रिपोर्ट.



