अपना दीया, अपनी दिवाली’ का भव्य समापन, दीपों की रोशनी के साथ गूंजा राष्ट्रप्रेम और सामाजिक एकता का संदेश..

आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, विधायक राज सिन्हा और रणविजय सिंह समेत कई गणमान्य अतिथियों ने की शिरकत, आईआईटी के रजिस्ट्रार, सब-रजिस्ट्रार, डीन और बड़ी संख्या में विद्यार्थी भी रहे मौजूद
धनबाद: भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से 99 ग्रुप ऑफ कंपनीज की ओर से आयोजित ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का शनिवार को भव्य समापन हुआ। मेमको मोड़ स्थित रामाजी कॉम्प्लेक्स के 99G कॉरपोरेट कार्यालय परिसर में आयोजित इस समारोह में शहर के कई प्रतिष्ठित अतिथियों ने शिरकत की। पूरे आयोजन के दौरान दीपावली के उल्लास के साथ भारतीय संस्कृति, आपसी भाईचारे और राष्ट्रीय एकता का संदेश देखने को मिला।

समापन समारोह का शुभारंभ आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा, रजिस्ट्रार प्रबोध पांडेय, गिरिडीह के पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय, धनबाद विधायक राज सिन्हा, बिहार जनता खान मजदूर संघ के महामंत्री रणविजय सिंह एवं उनके पुत्र रणवीर सिंह, 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय, सीईओ राम प्रताप सिंह, वाइस प्रेसिडेंट महेश मोदी और राकेश पाठक ने संयुक्त रूप से दीप प्रज्वलित कर किया।
इस अवसर पर आईआईटी (आईएसएम) के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं को नई पीढ़ी तक पहुंचाने के लिए इस तरह की पहल बेहद महत्वपूर्ण है। दीपावली केवल दीप जलाने का पर्व नहीं, बल्कि ज्ञान, सकारात्मकता और सद्भाव का संदेश देने वाला त्योहार है। ऐसे आयोजन लोगों को अपनी सांस्कृतिक विरासत से जोड़ते हैं।
पूर्व सांसद रवींद्र पांडेय ने कहा कि भारत की पहचान उसकी समृद्ध संस्कृति, परंपराओं और सामाजिक एकता में निहित है। 99 ग्रुप ने दीपावली के उत्सव को सामाजिक और सांस्कृतिक चेतना से जोड़कर एक सराहनीय पहल की है।
धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि भारतीय त्योहार हमारी सांस्कृतिक पहचान और सामाजिक एकजुटता के प्रतीक हैं। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी जड़ों और देश के गौरवशाली इतिहास से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
वहीं, बिहार जनता खान मजदूर संघ के महामंत्री रणविजय सिंह ने दीपावली की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि इस पर्व की सार्थकता तभी है, जब समाज के हर वर्ग, विशेषकर जरूरतमंद और वंचित लोगों के जीवन में भी खुशियों का उजाला पहुंचे।
इस अवसर पर 99 ग्रुप के सीएमडी श्याम पांडेय ने सभी अतिथियों का स्वागत किया और स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया। उन्होंने कहा कि ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि भारतीय संस्कृति, संस्कारों और राष्ट्रीय चेतना को समाज के हर वर्ग तक पहुंचाने का अभियान है। उन्होंने आयोजन को सफल बनाने में सहयोग देने वाले सभी अतिथियों, सहयोगियों, कर्मचारियों और शहरवासियों के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में आईआईटी (आईएसएम) के रजिस्ट्रार, सब-रजिस्ट्रार, विभिन्न विभागों के डीन और बड़ी संख्या में आईआईटी (आईएसएम) के विद्यार्थी भी उपस्थित रहे। इनके अलावा 99 ग्रुप के पदाधिकारी एवं कर्मचारी, सामाजिक कार्यकर्ता और शहर के अनेक प्रबुद्ध नागरिकों ने भी आयोजन में सहभागिता की।
99 ग्रुप की ओर से आयोजित इस विशेष दीपावली समारोह में कई दिनों तक सांस्कृतिक, रचनात्मक और सामाजिक गतिविधियों के माध्यम से लोगों को जोड़ने का प्रयास किया गया। ग्रुप के अधिकारियों ने कहा कि भविष्य में भी ऐसे आयोजनों के माध्यम से भारतीय संस्कृति, सामाजिक सद्भाव और राष्ट्रप्रेम की भावना को मजबूत करने का प्रयास जारी रहेगा।
इस तरह ‘अपना दीया, अपनी दिवाली’ का समापन दीपों की जगमगाहट, खुशियों और आपसी भाईचारे के संदेश के साथ हुआ। आयोजन ने एक बार फिर यह संदेश दिया कि त्योहारों की वास्तविक खूबसूरती केवल रोशनी में नहीं, बल्कि समाज के हर व्यक्ति के जीवन में खुशियों का उजाला फैलाने में है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



