
पटना /बिहार विधानसभा चुनाव 2025 की सरगर्मी तेज हो चुकी है और महागठबंधन में सीटों के बंटवारे को लेकर अंदरूनी हलचल भी बढ़ गई है। इसी बीच गुरुवार की रात एक दिलचस्प घटनाक्रम सामने आया जब बाहुबली नेता अशोक महतो राष्ट्रीय जनता दल (RJD) से टिकट की उम्मीद लेकर राबड़ी देवी के आवास पहुंचे, लेकिन उन्हें तेजस्वी यादव से मिलने की अनुमति नहीं दी गई।
दरवाजे से ही लौटा दिए गए अशोक महतो
जानकारी के अनुसार, अशोक महतो राबड़ी आवास पर तेजस्वी यादव से मुलाकात करने पहुंचे थे। वे विधानसभा चुनाव लड़ने की इच्छा रखते हैं और इसी सिलसिले में टिकट की मांग को लेकर तेजस्वी से मिलने आए थे। लेकिन वहां मौजूद सुरक्षा गार्डों ने उन्हें दरवाजे से ही लौटा दिया। तेजस्वी यादव से उनकी कोई बातचीत नहीं हो सकी और वे नाराज होकर बिना मिले ही लौट गए।
पत्नी को मिला था टिकट, अब खुद की बारी
गौरतलब है कि लोकसभा चुनाव 2024 में अशोक महतो की पत्नी अनीता देवी को मुंगेर सीट से RJD का टिकट मिला था। उस समय खुद लालू प्रसाद यादव ने उन्हें सिंबल देकर चुनाव मैदान में उतारा था। हालांकि अनीता देवी चुनाव हार गई थीं।
‘चट ब्याह-पट टिकट’ की रणनीति अब बेअसर?
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि अशोक महतो ने चुनावी रणनीति के तहत लोकसभा चुनाव से ठीक पहले दिल्ली की अनीता देवी से शादी की थी। उस समय यह कदम लालू यादव की सलाह पर उठाया गया बताया गया था। लेकिन अब विधानसभा चुनाव में खुद टिकट पाने की कोशिश में वे तेजस्वी यादव से मिलने पहुंचे, जहां उन्हें कोई तवज्जो नहीं मिली।
मुंह फुलाकर लौटे, नाराजगी साफ
राबड़ी आवास के बाहर अशोक महतो काफी देर तक खड़े रहे, लेकिन जब उन्हें अंदर नहीं बुलाया गया, तो वे visibly नाराज होकर लौट गए। यह घटनाक्रम न सिर्फ उनके राजनीतिक भविष्य पर सवाल खड़ा करता है, बल्कि RJD के अंदर चल रही खींचतान को भी उजागर करता है.
News 93 Live ब्यूरो रिपोर्ट पटना.



