धनबाद तीन दिनों से लापता लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव बरामद, परिजनों ने हत्या का आरोप लगाया..

धनबाद (गोविंदपुर) : झरिया थाना क्षेत्र के भगतडीह परसाटांड़ निवासी 50 वर्षीय लोडर सुबोध कुमार सिन्हा का शव तीन दिनों बाद गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कालाडीह पुलिया के नीचे से बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई है। सुबोध पेशे से ट्रक लोडिंग का काम करते थे। परिजनों ने उनकी मौत को सामान्य मौत मानने से इनकार करते हुए हत्या की आशंका जताई है।
परिजनों के मुताबिक, सुबोध कुमार सिन्हा 22 दिसंबर की सुबह लगभग 7 बजे अपने घर से निकले थे और गोविंदपुर थाना क्षेत्र के कौवाबांध स्थित ब्लैक डायमंड हार्ड कोक भट्ठा में ट्रक लोडिंग कराने गए थे। लोडिंग के बाद शाम करीब 5 बजे वे भट्ठा परिसर से गाड़ी के कागजात देने के लिए बाहर निकले और पास के एक साइबर कैफे में प्रिंटआउट निकालने गए। उनकी पत्नी बबीता देवी से 5:30 बजे अंतिम बार मोबाइल पर बातचीत हुई, इसके बाद उनका फोन बंद हो गया।
रात तक घर न लौटने पर परिजन चिंतित हो उठे और खोजबीन शुरू की। उनकी मोटरसाइकिल अभी भी भट्ठा परिसर में खड़ी मिली। पत्नी ने गोविंदपुर थाना में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी।
आज सुबह कालाडीह पुलिया के नीचे पानी में एक अज्ञात शव देख स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने शव बाहर निकालकर उसकी पहचान सुबोध कुमार सिन्हा के रूप में की। मृतक के भाई प्रमोद कुमार सिन्हा ने हत्या का आरोप लगाते हुए निष्पक्ष जांच की मांग की है।
गोविंदपुर थाना के एएसआई संजय कुमार ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए धनबाद के एसएनएमएमसीएच अस्पताल भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का पता चल सकेगा। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है..
News 93 Live ब्यूरो रिपोर्ट धनबाद.



