कतरास फायरिंग कांड में 3 गिरफ्तार, देशी पिस्टल व जिंदा गोली बरामद..
छाताबाद गोलीबारी मामले में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, पुरानी रंजिश में हुई थी फायरिंग..

कतरास : बाघमारा अनुमंडल अंतर्गत कतरास थाना क्षेत्र के छाताबाद 04 नंबर में बीते 27 मई की रात हुई मारपीट और फायरिंग मामले में धनबाद पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। वरीय पुलिस अधीक्षक धनबाद के निर्देश पर अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी बाघमारा के नेतृत्व में गठित टीम ने कार्रवाई करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है।
इस मामले में कतरास थाना कांड संख्या-152/26, दिनांक 28.05.26 के तहत भारतीय न्याय संहिता एवं आयुध अधिनियम की विभिन्न धाराओं में 20 नामजद और 8-10 अज्ञात लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया था। पुलिस द्वारा तकनीकी एवं वैज्ञानिक अनुसंधान शुरू किया गया, जिसके आधार पर कार्रवाई की गई।
पुलिस ने गिरफ्तार आरोपियों की पहचान आनंद कुमार यादव (28 वर्ष), विवेक कुमार ठाकुर (25 वर्ष) एवं करण कुमार दास (32 वर्ष) के रूप में की है। सभी आरोपी कतरास थाना क्षेत्र के निवासी हैं।
गिरफ्तार आरोपी आनंद कुमार यादव की निशानदेही पर पुलिस ने घटना में प्रयुक्त एक देशी पिस्टल, दो जिंदा गोली, दो खोखा तथा एक काले रंग की स्कॉर्पियो (JH10CK-0025) बरामद की है।
पुलिस के अनुसार पूछताछ में आरोपियों ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उन्होंने बताया कि अमित यादव और विकास बजरंगी के बीच पुरानी रंजिश को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। 27 मई की रात दोनों पक्षों के समर्थकों के बीच मारपीट हुई और एक-दूसरे को डराने के उद्देश्य से 3 से 4 राउंड हवाई फायरिंग की गई।
इसी दौरान घटनास्थल के पास अपने घर की छत से शोर सुनकर नीचे देख रहे तौशिफ अंसारी के कंधे में गोली लग गई। वहीं मारपीट में शामिल नीतिश यादव के पैर में भी गोली लगी थी।
पुलिस ने बताया कि मामले में फरार अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।
News 93 Live न्यूज़ डेस्क.



