Breaking

अवैध खनन के विरोध में बवाल, गोलीबारी-बमबाजी के आरोप से बहीयरडीह में तनाव..

Https://news93live.com/

धनबाद/बाघमारा : बाघमारा अनुमंडल के सोनारडीह ओपी क्षेत्र अंतर्गत चिटाही-बहीयरडीह इलाके में मंगलवार सुबह अवैध कोयला खनन को लेकर बड़ा विवाद खड़ा हो गया। बंद खदान में कथित अवैध खनन के विरोध में पहुंचे ग्रामीणों पर गोलीबारी, बमबाजी और पत्थरबाजी किए जाने का आरोप लगाया गया है। घटना में आधा दर्जन से अधिक महिला-पुरुष घायल होने की सूचना है, जिसके बाद पूरे इलाके में तनाव का माहौल बन गया।

ग्रामीणों का आरोप है कि बहीयरडीह की बंद खदान से लंबे समय से बड़े पैमाने पर अवैध कोयले की निकासी की जा रही थी। खनन के दौरान क्षेत्र की प्रमुख जलधारा (जोरिया) को करकट, सीमेंट और बालू डालकर बंद कर दिया गया, जिससे जोगिडीह और बहीयरडीह के हजारों घरों में जल संकट उत्पन्न हो गया। इस समस्या को लेकर ग्रामीण पहले भी कई बार धरना-प्रदर्शन और सड़क जाम कर चुके हैं।

स्थानीय लोगों के अनुसार, हाल ही में बीसीसीएल एरिया-3 और सीआईएसएफ द्वारा कार्रवाई करते हुए लगभग 40 टन कोयला जब्त किया गया था, लेकिन बंद की गई जलधारा को अब तक नहीं खोला गया। इसी मांग को लेकर मंगलवार को बड़ी संख्या में ग्रामीण खदान क्षेत्र पहुंचे और जलधारा को खोलने का प्रयास करने लगे।

ग्रामीणों का आरोप है कि इसी दौरान अवैध खनन से जुड़े लोगों ने उन पर हमला कर दिया। कथित गोलीबारी, बमबाजी और पत्थरबाजी में कई लोग घायल हो गए। घायलों में गुड़िया देवी सहित कई महिला एवं पुरुष शामिल बताए जा रहे हैं।

घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने पुलिस प्रशासन के खिलाफ भी नाराजगी जताई। आरोप है कि हंगामे के दौरान बरोरा थाना की एक पुलिस गाड़ी क्षतिग्रस्त हो गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को नियंत्रित करने का प्रयास किया।

बाद में शिकायत दर्ज कराने पहुंचे ग्रामीणों और पुलिस के बीच सोनारडीह ओपी में तीखी बहस हुई। तनाव बढ़ने पर पुलिस ने बल प्रयोग किया तथा दो युवकों को हिरासत में ले लिया। इसके बाद क्षेत्र में आक्रोश और बढ़ गया। फिलहाल इलाके में भारी पुलिस बल तैनात है और स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button