Breaking

सांसद ढुलू महतो के प्रयासों को मिली बड़ी सफलता, डिगवाडीह–सिंदरी–बलियापुर–गोविंदपुर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल करने की प्रक्रिया शुरू*

Https://news93live.com/

*केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद के प्रस्ताव पर अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश, क्षेत्र में सड़क संपर्क, उद्योग, व्यापार और विकास को मिलेगी नई गति*

धनबाद लोकसभा क्षेत्र के सांसद ढुलू महतो द्वारा डिगवाडीह–सिंदरी–बलियापुर–गोविंदपुर मार्ग को राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की लगातार की जा रही पहल को महत्वपूर्ण सफलता मिली है। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने सांसद ढुलू महतो को पत्र भेजकर अवगत कराया है कि उनके प्रस्ताव पर मंत्रालय ने आवश्यक कार्रवाई प्रारंभ कर दी है।

केंद्रीय मंत्री श्री गडकरी ने अपने पत्र में बताया है कि सांसद ढुलू महतो द्वारा 03 दिसंबर 2025 को भेजे गए पत्र के संदर्भ में मंत्रालय ने मामले की जांच कराई है। पत्र में उल्लेख किया गया है कि प्रस्तावित सड़क के आसपास का क्षेत्र पहले से एनएच-18, एनएच-218 एवं एनएच-19 से जुड़ा हुआ है तथा यह मार्ग क्षेत्रीय संपर्क और आवागमन की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।

उन्होंने यह भी कहा है कि वर्तमान में नए राष्ट्रीय राजमार्ग घोषित करने की नीति के अंतर्गत यातायात का घनत्व, माल एवं यात्री आवाजाही, सामाजिक-आर्थिक महत्व, पर्यटन तथा राष्ट्रीय राजमार्ग नेटवर्क से संपर्क जैसे सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए प्रस्तावों पर विचार किया जाता है।

केंद्रीय मंत्री ने अपने पत्र में यह भी स्पष्ट किया है कि धनबाद लोकसभा क्षेत्र में राष्ट्रीय राजमार्गों के विकास की आवश्यकता और महत्व को देखते हुए, सांसद ढुलू महतो द्वारा प्रस्तावित मार्ग को प्राथमिकता के आधार पर मंत्रालय के नए राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल करने हेतु संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।

इस संबंध में सांसद ढुलू महतो ने केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि यह मार्ग धनबाद, सिंदरी, बलियापुर, गोविंदपुर एवं आसपास के क्षेत्रों के लाखों लोगों के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है। इसके राष्ट्रीय राजमार्ग निर्माण कार्यक्रम में शामिल होने से क्षेत्र में आवागमन सुगम होगा, औद्योगिक गतिविधियों को गति मिलेगी, व्यापार एवं रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे तथा समग्र क्षेत्रीय विकास को नई दिशा मिलेगी।

*धनबाद के विकास में बाधक किसी को बनने नहीं देंगे : सांसद ढुलू महतो*

सांसद श्री महतो ने कहा धनबाद के विकास में बाधक किसी को बनने नहीं देंगे। जनहित और क्षेत्र के विकास से जुड़े प्रत्येक मुद्दे को पूरी मजबूती के साथ केंद्र सरकार के समक्ष उठाना मेरी प्राथमिकता है। धनबाद लोकसभा क्षेत्र की प्रत्येक आवश्यक परियोजना को शीघ्र धरातल पर उतारने के लिए मैं निरंतर प्रयासरत हूं और आगे भी पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करता रहूंगा।

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के सहयोग से धनबाद लोकसभा क्षेत्र में आधारभूत संरचना को मजबूत करने, बेहतर सड़क संपर्क उपलब्ध कराने तथा विकास परियोजनाओं को गति देने के लिए लगातार प्रयास जारी रहेंगे, ताकि क्षेत्र के लोगों को आधुनिक सुविधाओं का लाभ मिल सके और धनबाद विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त कर सके।

News 93 Live न्यूज़ डेस्क.

About The Author

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button